कटघोरा में बेकाबू टेलर ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत; ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) :कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जटगा मोड़ (केसनिया) के पास सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार टेलर ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक हेलमेट पहने होने के बावजूद खुद को नहीं बचा सका; अनियंत्रित भारी वाहन हेलमेट समेत युवक के सिर को कुचलते हुए निकल गया।

​हादसा सुबह करीब 9:00 बजे हुआ। सुबह-सवेरे हुए इस भयावह मंजर को देखकर आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग बुरी तरह सहम गए। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।

​सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मार्ग पर लगे जाम को खुलवाया और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस के अनुसार, मृतक की स्पष्ट पहचान की पुष्टि की जा रही है, हालांकि प्राथमिक जानकारी में उसके रामानुजगंज क्षेत्र का निवासी होने की आशंका जताई गई है।

​यातायात व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

क्षेत्र में लगातार हो रहे भारी वाहन हादसों के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। अभी एक दिन पहले ही बांकीमोंगरा के पास भी दो बाइकों को रौंदने से एक व्यक्ति की जान चली गई थी। लगातार दूसरे दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने पुलिस और यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस केवल जांच अभियान के नाम पर औपचारिकता निभाती है, जबकि प्रमुख चौराहों और मोड़ों पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे दुर्घटनाजन्य मोड़ों पर पुलिस बल की स्थायी तैनाती की जाए और भारी वाहनों की गति सीमा तय करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।