कटघोरा: तुमान में युवक पर जानलेवा हमले के आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने रातभर दबिश देकर भेजा जेल

कटघोरा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): कटघोरा थाना अंतर्गत ग्राम तुमान में ठेकेदारी विवाद को लेकर युवक का अपहरण कर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विवेचक चंद्रशेखर खांडेकर व कटघोरा पुलिस की टीम ने रातभर सघन अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

रातभर चली धरपकड़ कार्रवाई

क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के कड़े रुख के बाद पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। विवेचक चंद्रशेखर खांडेकर की अगुवाई में पुलिस बल ने संभावित ठिकानों पर रातभर ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपियों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल दाखिल करा दिया।

क्या था मामला?

ग्राम तुमान में रेलवे साइडिंग के आईबीएच बिल्डिंग निर्माण के पेटी कॉन्ट्रैक्ट के काम को लेकर विवाद हुआ था। त्रिवेणी कंपनी के साइट इंचार्ज देव, त्रिभुवन, पुष्पेन्द्र और अन्य ने 30 सितंबर की रात पीड़ित युवक का कैंपर वाहन से अपहरण कर लिया था। इसके बाद कैंप में ले जाकर युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से उस पर जानलेवा हमला किया गया था।

गंभीर चोटों और मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा पुलिस ने हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) सहित अन्य संगीन धाराओं में अपराध दर्ज किया था और तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।