जगदलपुर। बस्तर की कला, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को अब डिजिटल दुनिया तक पहुंचाने के लिए नया प्लेटफॉर्म तैयार हो गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर के लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में स्थापित बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ किया। यहां युवाओं को पॉडकास्ट, वीडियो और डिजिटल कंटेंट तैयार करने के लिए आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस पहल का उद्देश्य सिर्फ कंटेंट तैयार करना नहीं, बल्कि बस्तर के युवाओं को ऐसा मंच देना है, जहां से वे अपनी रचनात्मकता, स्थानीय कहानियों और नए विचारों को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचा सकें।
बस्तर की अपनी आवाज को मिलेगा डिजिटल प्लेटफॉर्म
क्रिएटर हब का अवलोकन करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने यहां उपलब्ध तकनीकी संसाधनों और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को डिजिटल माध्यमों का बेहतर उपयोग करते हुए अपनी प्रतिभा सामने लाने के लिए प्रोत्साहित किया।
क्रिएटर हब के माध्यम से बस्तर की कला, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और विकास से जुड़े विषयों पर स्थानीय स्तर से डिजिटल कंटेंट तैयार किया जा सकेगा। इससे बस्तर की कहानियों को देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचाने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
पहला Podcast भी हुआ रिकॉर्ड, विजय शर्मा ने दिया इंटरव्यू
स्टूडियो के उद्घाटन के साथ ही यहां पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग भी हुई। खास बात यह रही कि बस्तर क्रिएटर हब के पहले पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का इंटरव्यू रिकॉर्ड किया गया।
उन्होंने बातचीत के दौरान बस्तर के विकास, क्षेत्र के युवाओं की भूमिका और नई तकनीकों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं के लिए अवसर तैयार करने जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
Podcast, Video और Digital Content पर कर सकेंगे काम
क्रिएटर हब को युवाओं की बदलती रुचियों और डिजिटल मीडिया के बढ़ते दायरे को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यहां स्थानीय युवा पॉडकास्ट, वीडियो, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ा कंटेंट तैयार कर सकेंगे।
आधुनिक संसाधन उपलब्ध होने से युवाओं को अपने विचार, अनुभव और नवाचार को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा। खासकर डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है।
बस्तर की कला-संस्कृति को मिल सकती है नई पहचान
बस्तर अपनी जनजातीय संस्कृति, कला, परंपराओं और पर्यटन स्थलों के लिए अलग पहचान रखता है। क्रिएटर हब के जरिए स्थानीय युवा इन्हीं विषयों पर अपनी नजर से कंटेंट तैयार कर सकेंगे। इससे बस्तर से जुड़ी सकारात्मक और रचनात्मक कहानियों को डिजिटल माध्यमों पर व्यापक स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
स्थानीय प्रतिभाओं को आधुनिक तकनीक और मंच उपलब्ध कराने के साथ क्रिएटर हब को ऐसे केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद है, जहां बस्तर की अपनी आवाज और अपनी कहानियां स्थानीय युवाओं के जरिए सामने आएं।
उद्घाटन कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो के शुभारंभ अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, IG बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत CEO तन्मय खन्ना और सहायक कलेक्टर यशवंत नाईक सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।