महिला वायु वीरों के सम्मान से लेकर आसमान में तिरंगे की उड़ान तक… नवा रायपुर में सारंग टीम ने रचा रोमांच का इतिहास, पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन ने मोहा मन; सेंध लेक पर दिखा भारतीय वायुसेना का दमखम

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के रंगों के बीच नवा रायपुर के सेंध लेक पर रविवार को भारतीय वायुसेना के शौर्य और कौशल का शानदार नजारा देखने को मिला। आसमान में पांच हेलीकॉप्टरों की एक साथ उड़ान, तिरंगे के रंगों से बनी धुएं की लकीरें और रोमांचकारी हवाई करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस आयोजन का एक खास पल तब देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सारंग टीम की महिला अधिकारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल में आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज ने भी अपने साहसिक प्रदर्शन से लोगों का उत्साह बढ़ाया। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने नवा रायपुर के आसमान को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के रंग में रंग दिया।

महिला अधिकारियों का सम्मान बना खास आकर्षण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सारंग टीम की महिला अधिकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर का दृश्य आयोजन की खास तस्वीरों में शामिल रहा। भारतीय वायुसेना में महिलाओं की भागीदारी और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों में उनकी भूमिका को भी इस मौके पर देखने का अवसर मिला।

सारंग टीम के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने टीम के सदस्यों के साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में बनाई तिरंगे की तस्वीर

सारंग टीम के प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन सबसे बड़ा आकर्षण रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पायलटों ने बेहद सटीक तालमेल के साथ हवाई करतब दिखाए। हेलीकॉप्टरों के एक-दूसरे के करीब से गुजरने वाले क्रॉसओवर और अलग-अलग फॉर्मेशन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरों ने आसमान में तिरंगे की मनमोहक छटा बिखेरी। ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच प्रस्तुत तिरंगा फॉर्मेशन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

आकाशगंगा और गरुड़ कमांडोज ने भी दिखाया दमखम

हवाई प्रदर्शन की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के जवानों ने पैराशूट से छलांग लगाकर की। जवानों ने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग कर अपने प्रशिक्षण और नियंत्रण क्षमता का परिचय दिया।

इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। जवानों ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन की प्रस्तुति के माध्यम से विशेष अभियान के दौरान अपनी दक्षता और समन्वय दिखाया।

कॉकपिट से गूंजा छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया

प्रदर्शन के दौरान सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ कहकर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। इस उद्घोष के साथ ही दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। राज्य स्थापना दिवस पर भारतीय वायुसेना की ओर से छत्तीसगढ़ के लिए यह आत्मीय संदेश आयोजन का यादगार क्षण बन गया।

मुख्यमंत्री ने बताया अनुशासन और टीम भावना का उदाहरण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन केवल रोमांचकारी हवाई करतब नहीं, बल्कि कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन, आपसी विश्वास और उत्कृष्ट समन्वय का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वायु वीरों का साहस और आत्मविश्वास विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छूने की कामना की।

2 नवंबर को होगा मुख्य एयर शो

सेंध लेक में आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन होगा। राज्योत्सव के दौरान होने वाला यह आयोजन प्रदेशवासियों को भारतीय वायुसेना के अद्भुत उड़ान कौशल और साहसिक करतबों को देखने का अवसर देगा।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, भारतीय वायुसेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।