
कटघोरा/कोरबा/ सेन्ट्रल छत्तीसगढ़। कोरबा जिले के युवा क्रिकेटरों ने एक बार फिर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अंडर-14 कोरबा जिला क्रिकेट एसोसिएशन (KDCA) से प्लेट कंबाइंड सी.एस.सी.एस. (CSCS) टीम में जिले के 4 प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में कटघोरा के सिद्धार्थ दुबे के अलावा हार्दिक अग्रवाल, लकी यादव और आर्यन दुबे शामिल हैं। इन युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और चयन से पूरे जिले व खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
बल्ले और गेंद से चमके सिद्धार्थ दुबे, गेंदबाजों के साथ मिलकर रचा इतिहास प्रतियोगिता के दौरान कटघोरा के सिद्धार्थ दुबे ने बल्ले और गेंद दोनों से लाजवाब ऑलराउंड खेल दिखाया। कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने 2 शानदार अर्धशतक जड़े, वहीं अपनी कसी हुई गेंदबाजी के दम पर 5 मैचों में 12 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत वे अंडर-14 प्लेट ग्रुप में पूरे छत्तीसगढ़ में दूसरे स्थान पर रहे।

मैच दर मैच टीम के गेंदबाजों और प्रमुख खिलाड़ियों ने भी विपक्षी टीमों पर दबाव बनाए रखा। टीम की मजबूत गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण की बदौलत ही कोरबा की टीम ने प्लेट ग्रुप में अपनी धाक जमाई और 4 खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय कंबाइंड टीम में अपनी जगह पक्की की।
विश्वमित्र क्लब कटघोरा ने दी बधाई व आशीर्वाद सिद्धार्थ दुबे की इस बड़ी उपलब्धि पर विश्वमित्र क्लब कटघोरा के पदाधिकारियों व सदस्यों ने उन्हें बधाई दी और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया। क्लब के संरक्षक धर्म नारायण तिवारी, अध्यक्ष नरेंद्र मित्तल, उपाध्यक्ष अजय धनोदिया, सचिव शशिकांत डिक्सेना, सह-सचिव शारदा पाल तथा कोच विशाल दुबे ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सिद्धार्थ की लगन, कड़ा अभ्यास और खेल भावना आज रंग लाई है।
KDCA परिवार ने जताई खुशी कोरबा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (KDCA) के पदाधिकारी बी.बी. साहू, अखिलेशमणि तिवारी, छत लाल यादव, जीत सिंह, अजय राय तथा अंडर-14 फैकल्टी जीत व अनिल प्रजापति ने चारों चयनित खिलाड़ियों—हार्दिक अग्रवाल, सिद्धार्थ दुबे, लकी यादव और आर्यन दुबे को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
