CG School Holiday : चक्रवात और भारी बारिश का अलर्ट, अब कलेक्टर तय करेंगे स्कूलों में छुट्टी होगी या नहीं

रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर राज्य शासन ने अहम कदम उठाया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार शासकीय और अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित करने का अधिकार दिया है। यानी मौसम की स्थिति गंभीर होने पर जिले में हालात का आकलन कर कलेक्टर स्कूल बंद रखने का निर्णय ले सकेंगे।

मौसम की स्थिति देखकर लिया जाएगा फैसला

स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव ने 27 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक मौसम विभाग की चेतावनी में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में चक्रवात के कारण भारी वर्षा और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। ऐसी परिस्थितियों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर पर आवश्यक निर्णय लेने की व्यवस्था की गई है।

सरकारी और निजी, दोनों स्कूल आदेश के दायरे में

राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि अवकाश घोषित करने का निर्णय संबंधित जिले की स्थानीय परिस्थितियों और आवश्यकताओं के आधार पर लिया जाएगा। यह अधिकार केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं है, बल्कि अशासकीय विद्यालयों में भी छुट्टी घोषित की जा सकती है।

अभी पूरे प्रदेश में छुट्टी का ऐलान नहीं

शासन के आदेश का मतलब यह नहीं है कि प्रदेश के सभी स्कूलों में एक साथ अवकाश घोषित कर दिया गया है। छुट्टी का निर्णय संबंधित जिले की स्थिति के आधार पर कलेक्टर लेंगे। इसलिए अभिभावकों और विद्यार्थियों को अपने जिले के प्रशासन तथा स्कूल प्रबंधन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना पर ध्यान देना चाहिए।

सेंट्रल छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क