राज्योत्सव 2026 : 2 नवंबर को जिलों में मनेगा स्थापना दिवस, सरकार ने तय किए मुख्य अतिथि

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य शासन ने 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले राज्योत्सव 2026 के लिए मुख्य अतिथियों के नाम तय कर दिए हैं। विभिन्न जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस बार राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। समारोहों में प्रदेश की विकास योजनाओं, सरकारी उपलब्धियों और छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

कोरबा में लखन लाल देवांगन होंगे मुख्य अतिथि

राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार कोरबा जिले में मंत्री लखन लाल देवांगन राज्योत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू तथा रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरगुजा में रामविचार नेताम, जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, राजनांदगांव में गजेन्द्र यादव, गरियाबंद में टंकराम वर्मा, कांकेर में केदार कश्यप और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल मुख्य अतिथि होंगे।

सांसद और विधायक भी होंगे शामिल

बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, कबीरधाम में सांसद संतोष पाण्डेय, बलरामपुर-रामानुजगंज में सांसद चिंतामणि महाराज और महासमुंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। इसी तरह सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया, सक्ती में कमलेश जांगड़े, दन्तेवाड़ा में महेश कश्यप, बालोद में भोजराज नाग, सुकमा में देवेन्द्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में लक्ष्मी वर्मा कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में अजय चन्द्राकर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रेणुका सिंह, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में अमर अग्रवाल, कोण्डागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी और बस्तर में किरण देव मुख्य अतिथि होंगे। कोरिया में भैयालाल राजवाड़े तथा बीजापुर में गुरु खुशवंत साहेब को मुख्य अतिथि बनाया गया है।

विकास योजनाओं की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम

राज्योत्सव के दौरान जिला मुख्यालयों में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी कार्यक्रमों में लाभान्वित किया जाएगा। आयोजन में गरिमा और शालीनता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

तीन दिन तक रोशनी से जगमगाएंगे शासकीय भवन

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों में स्थित शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। राज्य शासन ने कलेक्टरों को मुख्य अतिथियों के परामर्श से कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

राज्योत्सव 2026 के जरिए प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को जिला स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।