7 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म व हत्या का मामला: नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में निकला कैंडल मार्च, बढ़ते अपराध पर उठाए सवाल

कटघोरा (कोरबा): कोरबा जिले में 7 वर्षीय मासूम बच्ची  के साथ हुए दुष्कर्म और निर्मम हत्या के मामले को लेकर नगरवासियों और युवाओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस दिल दहला देने वाली घटना के विरोध में तथा मासूम को श्रद्धांजलि देने के लिए कटघोरा नगर में एक विशाल कैंडल मार्च निकाला गया।

यह कैंडल मार्च कटघोरा के जय स्तंभ चौक से प्रारंभ होकर शहीद वीर नारायण सिंह चौक तक पहुंचा। कैंडल मार्च का नेतृत्व नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राज जायसवाल ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर विरोध जताया और शहीद वीर नारायण सिंह चौक पर कैंडल जलाकर मासूम को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा आरोपियों को फांसी की सजा देने की पुरजोर मांग की।

 राज जायसवाल (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद)

“आज हम सभी 7 साल की मासूम बच्ची  को श्रद्धांजलि देने के लिए उपस्थित हुए हैं। हमने कैंडल मार्च निकालकर बच्ची को श्रद्धांजलि दी है। आज हमारे कोरबा जिले में आपराधिक स्तर इतना बढ़ गया है कि 7 साल की बच्ची को भी नहीं छोड़ा जा रहा। यह बहुत ही शर्म की बात है कि जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मैं शासन-प्रशासन से यही उम्मीद करूंगा कि जिले में हो रही ऐसी बर्बरता पर जल्द से जल्द रोक लगे। साथ ही भाव्या जोशी को शीघ्र न्याय मिले और बढ़ते अपराधों पर पुलिस व प्रशासन सख्त कसावट लाए।’

राज जायसवाल (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद कटघोरा)

“विगत दिनों 7 वर्षीय मासूम बच्ची  के साथ जो दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या की गई, उसके विरोध में हमने कैंडल मार्च निकाला और शहीद वीर नारायण चौक पर कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सच्ची श्रद्धांजलि तो तभी होगी जब उस मासूम के हत्यारों को फांसी के फंदे पर लटकाया जाएगा। जिस उम्र में बच्ची के खेलने और स्कूल जाने के दिन थे, उस उम्र में ऐसी दरिंदगी बेहद चिंताजनक और हृदयविदारक है। शासन-प्रशासन और न्यायपालिका से हमारी मांग है कि ऐसे अपराधियों को सख्त से सख्त सजा देते हुए जल्द से जल्द फांसी दी जाए, ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।’

सौरभ धितलहरे (युवा नेता)

बढ़ते अपराधों पर कसावट लाने की मांग

कैंडल मार्च में शामिल युवाओं ने कोरबा जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जब तक अपराधियों में कानून का खौफ नहीं होगा, तब तक इस तरह की बर्बरता पर लगाम नहीं लगाई जा सकती। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की त्वरित सुनवाई करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।