
कोरबा 02 अक्टूबर 2022 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) :मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गांधी जयंती के अवसर पर आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरबा जिले के 10 महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क का शिलान्यास किया। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के 10 चयनित गौठानों को आजीविका के केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। जिले के प्रत्येक विकासखण्ड में दो इंडस्ट्रीयल पार्क विकसित किए जायेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा की रीपा के माध्यम से ग्रामीण उद्यमियों को अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा। रीपा से ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। गौठानों को केंद्र बिंदु बनाते हुए ग्रामीण उत्पादन एवं सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। रीपा के द्वारा ग्रामीण उद्यमियों को मशरूम उत्पादन, अंडा उत्पादन, तेल प्रोसेसिंग, बेकरी उद्योग, मसाला निर्माण, सोलर लैंप, कोसा साड़ी निर्माण, गोधन न्याय योजना बोरी प्रिंटिंग आदि का उद्योग लगाने का अवसर प्राप्त होगा। इससे ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। जिला स्तरीय रीपा शिलान्यास कार्यक्रम विकासखंड कटघोरा के रंजना गौठान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर, पाली तानाखार क्षेत्र के विधायक मोहित राम केरकेट्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर, गौ सेवा आयोग सदस्य प्रशांत मिश्रा, कलेक्टर संजीव झा, एडीएम विजेंद्र पाटले, जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर, एसडीएम कटघोरा कौशल तेंदुलकर, सीईओ जनपद कटघोरा आरएस मिर्झा उद्भव चंद्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद रहे।