कटघोरा में बड़े बकायेदारों पर नगर पालिका का शिकंजा: बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स समेत व्यावसायिक दुकानों पर तालाबंदी की तैयारी, खुद मैदान में उतरे IAS ईशान जायसवाल

कटघोरा / सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ : नगर पालिका परिषद कटघोरा के स्वामित्व वाले व्यावसायिक परिसरों का लंबे समय से किराया दबाए बैठे दुकानदारों पर प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) आईएएस ईशान जायसवाल के नेतृत्व में पालिका की टीम ने बकाया वसूली को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि जो दुकानदार तत्काल बकाया किराया और संपत्ति कर जमा नहीं करेंगे, उनकी दुकानों पर सीधे तालाबंदी (सील) की कार्रवाई की जाएगी।

खुद मैदान में उतरे आईएएस, बकायेदारों में हड़कंप नगर पालिका बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स सहित अन्य प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में वर्षों से कई दुकानदारों द्वारा किराया नहीं पटाया जा रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए आईएएस ईशान जायसवाल स्वयं पालिका के आला अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ दल-बल लेकर मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अमले को सीधे बाजार में उतरा देख बकायेदार व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

नोटिस के बाद भी अनदेखी पर अंतिम प्रहार नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, इन बकायेदारों को पूर्व में भी बकाया राशि जमा करने के लिए विधिवत नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन दुकानदारों द्वारा लगातार हीला-हवाली की जा रही थी। अब अंतिम चेतावनी देते हुए बस स्टैंड परिसर और अन्य स्थानों पर वसूली अभियान तेज कर दिया गया है।

‘या तो बकाया जमा करें, या सील के लिए तैयार रहें’ कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि नगर पालिका के राजस्व में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि संबंधित दुकानदार तत्काल प्रभाव से किराया और संपत्ति कर का भुगतान नहीं करते हैं, तो दुकानों को सील कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस कड़े तेवर के बाद अब कई व्यापारी आनन-फानन में बकाया राशि जमा करने की तैयारी में जुट गए हैं।