
कोरबा( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): अंचल में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित न्यू कोरबा हॉस्पिटल (एनकेएच) सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने 13 अक्टूबर को अपनी सफल सेवा यात्रा के 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। वर्ष 2014 में ग्रुप डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह संस्थान आज अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों और समर्पित स्वास्थ्यकर्मियों के दम पर क्षेत्र का एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है। 12वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में अस्पताल परिसर में उत्साहपूर्वक समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह का शुभारंभ ग्रुप डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी, डॉ. वंदना चंदानी और डॉ. एस. पालीवाल ने संयुक्त रूप से केक काटकर किया। इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी तथा सेवा के इस संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
बीते 12 वर्षों में अस्पताल ने अपनी सेवाओं का व्यापक विस्तार किया है। वर्तमान में यहाँ 24 घंटे ट्रामा एवं इमरजेंसी सेवा, अत्याधुनिक आईसीयू, क्रिटिकल केयर यूनिट और हृदय रोगियों के लिए आधुनिक कैथ लैब सहित कई विशिष्ट सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही अस्पताल प्रबंधन द्वारा नियमित स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, निःशुल्क परामर्श शिविर और रक्तदान जैसे सामाजिक सरोकारों के जरिए भी जनसेवा की जा रही है।
इस अवसर पर ग्रुप डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी ने कोरबावासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों के विश्वास और स्नेह के कारण ही अस्पताल 12 वर्षों का यह पड़ाव पार कर सका है। उन्होंने दोहराया कि एनकेएच परिवार भविष्य में भी उन्नत तकनीक, विशेषज्ञ सेवाओं और समर्पण भाव के साथ हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
120 से अधिक मरीजों ने उठाया निःशुल्क ओपीडी का लाभ
12वीं वर्षगांठ के अवसर पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा जनसेवा की दिशा में विशेष कदम उठाते हुए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निःशुल्क ओपीडी सेवा आयोजित की गई। इस दौरान 120 से अधिक मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
समारोह में ये रहे उपस्थित
आयोजन के दौरान डॉ. वंदना चंदानी, डॉ. एस. पालीवाल, डॉ. आर. पालीवाल, डॉ. अविनाश तिवारी, डॉ. मनीष गोयल, डॉ. अविनाश सिंह, डॉ. अजीत ठोकल, डॉ. शिवानी प्राग्दा, डॉ. नेहा सिंह, डॉ. एस. एस. पांडेय, डॉ. रोहित मजूमदार, डॉ. सुदीप्त साहा, डॉ. रिया दुबे समेत समस्त आरएमओ, वरिष्ठ प्रशासनिक कर्मचारी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।