​शा. हाई स्कूल लखनपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

कोरबा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़): स्थानीय शासकीय हाई स्कूल लखनपुर, विकासखंड- पोंडी़ उपरोडा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर ‘शाला प्रवेश उत्सव’ अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्रीमती सरस्वती डिक्सेना उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती प्रभा नागवंशी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपसरपंच श्री रिखी यादव उपस्थित रहे।

​कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय में कदम रखने वाले नवप्रवेशित बच्चों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराकर और पाठ्यसामग्री भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। अपने नए स्कूल और इस भव्य स्वागत को देखकर बच्चों के चेहरों पर भारी उत्साह नजर आया।

नियमित स्कूल आने के लिए किया प्रेरित

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती सरस्वती डिक्सेना ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और बच्चों को पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। वहीं सरपंच श्रीमती प्रभा नागवंशी ने पालकों से अपील की कि वे बच्चों को प्रतिदिन स्कूल भेजें। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विशेष रूप से बच्चों की शत-प्रतिशत और नियमित उपस्थिति पर जोर दिया ताकि उनका शैक्षणिक स्तर मजबूत हो सके।

पालकों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर बड़ी संख्या में नवप्रवेशित बच्चों के पालकगण, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आए हुए सभी अतिथियों, पालकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।