भाजपा जिला अध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष की मेहनत लाई रंग: लाफ़ागढ़ के कांग्रेस गढ़ में खिला कमल, कौशल्या उईके 400 मतों से विजयी

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): कोरबा जिले के जनपद पंचायत पाली अंतर्गत आने वाले क्षेत्र क्रमांक 15 (लाफ़ागढ़) के जनपद सदस्य उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ी और ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्रीमती कौशल्या भंवर सिंह उईके ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 400 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त देकर विजय का परचम लहराया है।

​लंबे समय से कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले लाफ़ागढ़ क्षेत्र में भाजपा की इस रणनीतिक जीत के बाद पूरे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।

वरिष्ठ नेताओं की मेहनत लाई रंग

​इस ऐतिहासिक जीत के पीछे भाजपा संगठन की जमीनी जमावट और वरिष्ठ नेताओं का कुशल मार्गदर्शन मुख्य वजह रहा। भाजपा जिला अध्यक्ष, गोपाल मोदी पूर्व उपाध्यक्ष संजय भावनानी और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह की धरातल पर की गई कड़ी मेहनत आखिरकार रंग लाई। नेताओं की सटीक रणनीति के कारण ही भाजपा कांग्रेस के इस अभेद्य किले को ढहाने में कामयाब रही।

मिठाई खिलाकर मनाया जीत का जश्न

​कौशल्या भंवर सिंह उईके की आधिकारिक जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और जश्न मनाया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष विपिन कौशिक और कोषाध्यक्ष विक्की अग्रवाल ने नवनिर्वाचित जनपद सदस्य कौशल्या उईके को मिठाई खिलाकर बधाई दी और इस जीत को कार्यकर्ताओं की एकजुटता का परिणाम बताया।

जनता का जताया आभार, विकास का दिया भरोसा

​जीत के बाद नवनिर्वाचित जनपद सदस्य कौशल्या भंवर सिंह उईके ने क्षेत्र क्रमांक 15 के अंतर्गत आने वाले गांवों—लाफ़ा, जेमरा, रतखंडी और रामाकछार की जनता के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।

​”यह जीत मेरी नहीं, बल्कि क्षेत्र की देवतुल्य जनता और कर्मठ कार्यकर्ताओं की जीत है। लाफ़ागढ़ क्षेत्र की जनता ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगी। क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान करना और इसे सीधे विकास कार्यों से जोड़ना ही मेरी पहली प्राथमिकता होगी।”

कौशल्या भंवर सिंह उईके, नवनिर्वाचित जनपद सदस्य

​इस उपचुनाव के नतीजों ने स्थानीय स्तर पर भाजपा को भारी मजबूती दी है और आने वाले समय के लिए कार्यकर्ताओं में एक नया जोश भर दिया है।