
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) जफर खान :कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इलाके में 24 घंटे के भीतर लगातार दूसरे दिन हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कल सुबह हुई हत्या के बाद, आज सुबह फिर ग्राम पंचायत लैगा के लोकहड़ा में 25 वर्षीय युवती सुकमनिया एक्का की पत्थर से कुचलकर नृशंस हत्या कर दी गई।
लगातार दो दिनों में हुई इन वारदातों से समूचे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आज सुबह युवती का शव उसके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर लहूलुहान हालत में मिला। अज्ञात हमलावर ने भारी पत्थर से सिर कुचलकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। लगातार दूसरे दिन हुई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।