कोरबा। सहायक अभियंता (सतर्कता) नितिन विश्वकर्मा का मोबाइल फोन हैक होने का मामला सामने आया है। मोबाइल हैक होने के बाद उनके कॉन्टैक्ट लिस्ट में जुड़े लोगों के मोबाइल नंबरों पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी चालान से संबंधित लिंक भेजा जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही सहायक अभियंता नितिन विश्वकर्मा ने अपने सभी परिचितों, मित्रों एवं संपर्क सूची में जुड़े लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि उनके मोबाइल नंबर अथवा नाम से भेजे जा रहे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी प्रकार की व्यक्तिगत अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा करें।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के मोबाइल पर चालान अथवा अन्य किसी संदिग्ध संदेश के साथ लिंक प्राप्त होता है तो उसकी सत्यता की जांच किए बिना उसे खोलने से बचें। साथ ही ऐसे संदेशों को आगे किसी अन्य व्यक्ति को भेजने से भी सावधानी बरतें।
नितिन विश्वकर्मा ने बताया कि मोबाइल हैक होने की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए साईबर सेल कोरबा से इसकी शिकायत भी की है।
वही उन्होंने सभी परिचितों से साइबर ठगी से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।