
कोरबा/कटघोरा( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़) : छत्तीसगढ़ प्रदेश में आगामी दिनों में भारतीय युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं अन्य संगठनात्मक पदों के लिए चुनाव होने हैं। चुनाव को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशी अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में कोरबा जिले में भी युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर माहौल गर्माने लगा था, लेकिन इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है।
कोरबा जिले के ग्रामीण युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार एवं कटघोरा निवासी अरमान सिद्दीकी बीती रात एक दुर्घटना का शिकार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, वे अपने घर पर ही अचानक हुई एक गंभीर दुर्घटना में घायल हो गए, जिसके चलते उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल बना हुआ है। दुर्घटना के बाद स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अरमान सिद्दीकी ने बड़ा राजनीतिक निर्णय लिया है। उन्होंने आगामी युवा कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। उनके इस फैसले से समर्थकों में मायूसी देखी जा रही है, क्योंकि उन्हें ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद का मजबूत और लोकप्रिय दावेदार माना जा रहा था।
अरमान सिद्दीकी के चुनावी मैदान से हटने की खबर सामने आते ही उनके समर्थकों में निराशा फैल गई है। बताया जा रहा है कि चुनाव को लेकर उनकी तैयारी भी काफी मजबूत थी और वे लगातार संगठन के कार्यकर्ताओं के संपर्क में थे। ऐसे में अचानक हुए हादसे और चुनाव नहीं लड़ने के निर्णय ने राजनीतिक समीकरणों को भी प्रभावित किया है।
फिलहाल अरमान सिद्दीकी के घायल होने की खबर मिलने के बाद उनके समर्थक, मित्र एवं स्थानीय लोग उनके निवास पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जान रहे हैं। सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। वहीं, राजनीतिक हलकों में अब यह चर्चा तेज हो गई है कि उनके चुनाव नहीं लड़ने के फैसले के बाद ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद की दौड़ में कौन नया चेहरा उभरकर सामने आएगा।