रायपुर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और सुगंधित चावल अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश के जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे विशिष्ट कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा हुई है। इससे प्रदेश के किसानों और कृषि उद्यमियों के लिए निर्यात के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो से मुलाकात की। बैठक में प्रदेश के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में छत्तीसगढ़ के उत्पादों को मिलेगा मंच
बैठक में फिरा बार्सिलोना संस्था ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय कर प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग की बात कही। इससे प्रदेश के कृषि उत्पादकों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने के अवसर मिल सकते हैं।
प्रतिनिधिमंडल में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और कृषि संचालक राहुल देव भी शामिल थे। भारत के काउंसिल जनरल आर्स निसार की उपस्थिति में हुई चर्चा में निर्यात संभावनाओं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उत्पादों की पहचान मजबूत करने पर जोर दिया गया।
जीआई टैग वाले चावल की बढ़ेगी पहचान
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी खास खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध हैं। जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (GI Tag) प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी बेहतर ब्रांडिंग से किसानों को विशिष्ट उत्पादों का उचित मूल्य मिलने की संभावना है।
प्रदेश के पारंपरिक चावल की पहचान केवल स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं रहे, बल्कि विदेशी उपभोक्ताओं तक पहुंचे, इसके लिए आधुनिक पैकेजिंग, गुणवत्ता मानक और प्रभावी विपणन रणनीति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। बार्सिलोना में हुई व्यावसायिक चर्चा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यदि अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों, व्यापारिक संपर्कों और निर्यात नेटवर्क के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों को विदेशी बाजारों में जगह मिलती है, तो इससे कृषि क्षेत्र में नए कारोबार, रोजगार और किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं।
छत्तीसगढ़ की कृषि विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की यह पहल प्रदेश को धान उत्पादन के साथ-साथ विशिष्ट कृषि उत्पादों के निर्यातक के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।