धमतरी की ग्रामीण महिलाओं को तकनीक से मिलेगा कारोबार का रास्ता ! ‘स्त्री’ परियोजना शुरू, 300 महिलाओं को उद्यमी बनाने की तैयारी

धमतरी : पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़कर ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में धमतरी में बड़ी पहल शुरू हुई है। एनआईटी रायपुर और जिला प्रशासन के सहयोग से ‘स्त्री’ (STREE) परियोजना का उद्घाटन किया गया। इस परियोजना के तहत अगले तीन वर्षों में 300 ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और उद्यमिता के नए अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। पहल के लिए भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के DSIR से 89.97 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत है।

कोसा सिल्क और कृषि अपशिष्ट से तैयार होंगे नए उत्पाद

धमतरी में पारंपरिक कोसा सिल्क बुनाई और कृषि अवशेषों से उपयोगी उत्पाद बनाने की संभावनाओं को परियोजना का प्रमुख आधार बनाया गया है। महिलाओं को कोसा सिल्क प्रसंस्करण, आधुनिक बुनाई, उत्पाद डिजाइन, लागत निर्धारण और व्यवसाय संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। तकनीक के इस्तेमाल से पारंपरिक काम में लगने वाले कठिन श्रम को कम करने और उत्पादों की गुणवत्ता व बाजार क्षमता बढ़ाने पर जोर रहेगा।

AI और आधुनिक मशीनों से बदलेगा काम का तरीका

परियोजना के अंतर्गत मोटराइज्ड रीलिंग, इलेक्ट्रॉनिक जैक्वार्ड लूम और AI-सहायता प्राप्त डिजाइन जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। महिलाओं को उत्पाद डिजाइन, फोटो संवर्धन, डिजिटल विज्ञापन और प्रबंधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। उद्देश्य केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं, बल्कि महिलाओं को अपने उत्पादों की पहचान बनाने और कारोबार खड़ा करने में सक्षम करना है।

GeM और ONDC से राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच

धमतरी जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीण महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को संगठित करने, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने में सहयोग दिया जाएगा। शासकीय पॉलिटेक्निक रुद्री स्थित ‘स्त्री’ स्किल सैटेलाइट सेंटर के माध्यम से उत्पादों को GeM और ONDC जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने की तैयारी है, जिससे स्थानीय शिल्प को व्यापक बाजार मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने वाला कदम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परियोजना के शुभारंभ पर जिला प्रशासन धमतरी, एनआईटी रायपुर और DSIR को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण उद्यमिता, स्टार्टअप विकास और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करेगी। उन्होंने पारंपरिक कोसा सिल्क और कृषि-अपशिष्ट आधारित शिल्प को आधुनिक, बाजार-उन्मुख उद्यमों में बदलने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव, आईआईएम रायपुर के प्रभारी निदेशक प्रो. संजीव पराशर, धमतरी महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अविनाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के साथ ग्रामीण महिलाओं और स्व-सहायता समूहों के लिए उद्यमिता विकास कार्यशाला भी आयोजित की गई।

‘स्त्री’ परियोजना से उम्मीद है कि धमतरी की पारंपरिक कला और स्थानीय संसाधनों को तकनीक, बाजार और उद्यमिता से जोड़कर महिलाओं के लिए आय के नए अवसर विकसित होंगे।