रफ्तार का कहर: कटघोरा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 2 .लोगों की मौत, गौरा पूजा में ससुराल जा रहे दंपती का उजड़ा परिवार

कोरबा/सेन्ट्रल छत्तीसगढ़। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। इन दुर्घटनाओं में दो बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

​पहला हादसा: खड़ी ट्रक में जा घुसी बाइक, पति की मौत, पत्नी गंभीर

पहली घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा बकरा बाजार के पास हुई। जानकारी के अनुसार, ग्राम बिंझरी निवासी लगभग 50 वर्षीय ग्रामीण अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर गौरा पूजा में शामिल होने अपने ससुराल ग्राम सिरकी जा रहा था। इसी दौरान सलोरा बकरा बाजार के पास सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पीछे बैठी उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​दूसरा हादसा: स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत

दूसरी घटना लालघाट के पास घटित हुई, जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

​जांच में जुटी पुलिस

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों तथा संबंधित वाहनों की जांच में जुट गई है।