30 वर्षों की लीज पर निजी संस्थाओं को स्कूल सौंपने का प्रस्ताव निरस्त करने की मांग, सरकारी शिक्षा तंत्र को मजबूत करने पर दिया जोर

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ )। छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों के 207 शासकीय विद्यालयों को 30 वर्षों की दीर्घकालीन लीज पर निजी संस्थाओं को सौंपने के प्रस्ताव के खिलाफ छात्र संगठनों का विरोध तेज हो गया है। इसी कड़ी में गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन (GSU) जिला कोरबा ने मुख्यमंत्री एवं स्कूल शिक्षा मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है।

​यूनियन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन स्तर पर न केवल इन सरकारी स्कूलों को 30 साल की लीज पर देने की तैयारी है, बल्कि उनके संचालन और शुल्क निर्धारण का अधिकार भी निजी हाथों में सौंपने की बात सामने आ रही है। संगठन का मानना है कि सरकारी स्कूल ग्रामीण, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों की शिक्षा का एकमात्र सहारा हैं। निजीकरण और शुल्क निर्धारण का अधिकार निजी संस्थाओं को मिलने से गरीब और वंचित वर्ग के विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण व सुलभ शिक्षा से वंचित हो जाएंगे।

​यूनियन की प्रमुख 5 मांगें:

  • ​प्रदेश के 207 शासकीय विद्यालयों को 30 वर्षों की लीज पर निजी संस्थाओं को सौंपने का प्रस्ताव तत्काल रद्द हो।
  • ​स्कूलों के संचालन और फीस तय करने का अधिकार किसी भी निजी संस्था को न दिया जाए।
  • ​शासकीय शिक्षा व्यवस्था के निजीकरण की प्रक्रिया पर पूरी तरह रोक लगे।
  • ​सरकारी स्कूलों में रिक्त पदों पर पर्याप्त शिक्षकों की भर्ती हो तथा भवन, पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय और प्रयोगशाला जैसी बुनियादी सुविधाएं बढ़ाई जाएं।
  • ​आदिवासी और कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क, समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए।

​यूनियन ने स्पष्ट किया कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और इसे सुलभ बनाना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है। स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने के बजाय सरकार को स्वयं संसाधन जुटाकर सरकारी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन जिला कोरबा की छात्रा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सुश्री सीमा नेटी और जिला कार्यकारिणी सदस्य सुश्री ममता मरकाम प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।