रायपुर। राजधानी में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यालय जागृति मंडल पहुंची। यहां स्वयंसेवकों ने प्रभात फेरी और शोभायात्रा का स्वागत किया। आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सद्भाव की झलक देखने को मिली।
जागृति मंडल में मातृशक्ति ने गुरु नानक देव जी के जीवन और उनके विचारों पर आधारित प्रेरक कीर्तन प्रस्तुत किए। इस दौरान स्वयंसेवकों ने पालकी साहिब पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की। उपस्थित लोगों ने गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़े प्रसंगों को याद करते हुए उनके संदेशों को आत्मसात करने की बात कही।
वर्षों से निभाई जा रही परंपरा
प्रकाश पर्व के अवसर पर पिछले कई वर्षों से शोभायात्रा और प्रभात फेरी के जागृति मंडल पहुंचने की परंपरा जारी है। इस वर्ष भी इसी क्रम में शोभायात्रा का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में गुरु नानक देव जी के मानवता, सेवा, समानता और सामाजिक एकता के संदेशों को याद किया गया।
स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में ब्रिजमोहन सिंह चावला, सज्जन सिंह चावला, हरजेन्दर सिंह, मुरलीधर आसीना, अशोक नामदेव, जसपाल सलूजा, मनिंदर सिंह, सोनिया सलूना, मेजित कौर चावला, अमनदीप कौर, प्रांत प्रचारक अभय राम, रामेश्वर प्रसाद सिन्हा, रामभरोसे सोनी, विश्वनाथ बोगी, राजेन्द्र सिंह यादव, विजय बरहिया और महानगर कार्यवाह भारतभूषण वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से गुरु नानक देव जी के विचारों और उनके बताए सेवा, सद्भाव एवं मानवता के मार्ग को याद किया गया।