धान खरीदी केंद्रों में अनियमित नियुक्तियों और भाई-भतीजावाद का आरोप, मुढ़ाली से कोरबी तक जांच की मांग

कोरबा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़):  जिले के सहकारिता विभाग अंतर्गत संचालित धान उपार्जन केंद्रों में कथित भाई-भतीजावाद, अनियमित नियुक्तियों और आर्थिक लेन-देन की आशंका को लेकर सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने इस मामले में गंभीर सवाल उठाते हुए जिला कलेक्टर और सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

​बाहरी व्यक्तियों और परिजनों को जिम्मेदारी देने का आरोप

राजेश यादव ने आरोप लगाया है कि कटघोरा विकासखंड के ग्राम पंचायत मुढ़ाली स्थित नवीन धान उपार्जन केंद्र और पाली विकासखंड के कोरबी धान उपार्जन केंद्र में फड़ प्रभारी तथा बारदाना प्रभारी जैसे संवेदनशील पदों पर बिना किसी सार्वजनिक विज्ञापन या पारदर्शी चयन प्रक्रिया के चहेते व्यक्तियों को नियुक्त कर दिया गया है।

​उन्होंने विशेष रूप से कोरबी केंद्र का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कृष्ण कुमार राठौर को फड़ प्रभारी बनाया गया है, जबकि वे न तो समिति के नियमित कर्मचारी हैं और न ही किसी अन्य शासकीय विभाग में कार्यरत हैं। इसी तरह, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी विनोद कंवर द्वारा अपने ही भाई प्रमोद कंवर को बारदाना प्रभारी बनाए जाने का मामला सामने आया है, जो सीधे तौर पर हितों के टकराव को दर्शाता है।

​स्थानांतरण सूची पर भी उठाए सवाल

श्री यादव ने जिले के अन्य खरीदी केंद्रों की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि डेटा एंट्री ऑपरेटरों का बार-बार तबादला किए जाने से किसानों और समितियों को कार्य में परेशानी हो रही है, वहीं फड़ प्रभारियों की स्थानांतरण सूची में पारदर्शिता नहीं बरती गई है और रसूखदारों को यथास्थान बनाए रखा गया है।

​कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

प्रशासन को सौंपे अपने मांग पत्र में उन्होंने मुढ़ाली व कोरबी सहित जिले के सभी केंद्रों में हुई नियुक्तियों की पात्रता, चयन प्रक्रिया और संभावित वित्तीय लेन-देन की जांच करने की मांग की है। श्री यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि धान खरीदी सीधे तौर पर किसानों की मेहनत से जुड़ा विषय है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि प्रशासन ने शीघ्र जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की, तो प्रकोष्ठ किसानों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।