
कटघोरा (कोरबा)। कटघोरा थाना अंतर्गत हनुमानगढ़ी ढलान के पास बीती रात २ बजे के करीब शराब के नशे में धुत युवकों ने भारी लापरवाही बरतते हुए एक बड़ा हादसा कर दिया। नशे में बेसुध युवकों की तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार युवक लहूलुहान हो गए। इसके बावजूद, नशे का सुरूर इस कदर हावी था कि चेहरे में खून घायल होने के बाद भी दोनों युवक कार के भीतर ही पैर फैलाकर गहरी नींद में सोए रहे।
रात २ बजे का खौफनाक हादसा, साइनबोर्ड के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के अनुसार, घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब २ बजे की है। एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार हनुमानगढ़ी ढलान से मित्तल पेट्रोल पंप की ओर बेहद तेज रफ्तार में आ रही थी। हनुमानगढ़ी ढलान के नीचे पहुंचते ही चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे लगे भारी-भरकम दिशा-सूचक (साइनबोर्ड) से जा टकराई।
टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग और वहां से गुजर रहे राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि टक्कर की वजह से बिजली का खंभा और लोहे का बोर्ड उखड़कर गिर चुके थे और कार का अगला हिस्सा मलबे में तब्दील हो चुका था।
चोट लगने के बाद भी नशे में रहे ‘ट्ठ’, राहगीरों की कोशिशें रहीं नाकाम
हादसे के बाद राहगीरों ने मानवीयता दिखाते हुए कार सवार युवकों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। कार के भीतर दो युवक थे, चेहरे में चोट के निशान थे और खून बह रहा था।
- हैरान करने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना और चोटें आने के बावजूद, दोनों युवक अत्यधिक शराब के नशे में इस कदर धुत (लट्ठ) थे कि उन्हें अपनी सुध-बुध ही नहीं थी। लोगों ने उन्हें जगाने, झकझोरने और बाहर निकालने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन वे कार के भीतर ही पैर पसारकर सोते रहे। नशे के कारण वे इस कदर बेसुध थे कि दर्द का भी उन पर कोई असर नहीं हो रहा था।
सुबह १० बजे पुलिस को दी गई सूचना, तब जाकर हटी क्षतिग्रस्त गाड़ी
रातभर लहूलुहान और बेसुध हालत में युवक उसी क्षतिग्रस्त कार में सोए रहे। सुबह होने पर जब वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, तब शनिवार सुबह करीब १० बजे कटघोरा पुलिस को इस बात की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों नशेड़ी युवकों को जगाया और कार से बाहर निकाला। प्राथमिक जांच और स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया, जहां उनका मुलाहिजा (मेडिकल टेस्ट) और इलाज किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त कार, टूटे हुए खंभे और मलबे को सड़क से किनारे करवाया ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके।
पुलिस कर रही है जांच
कटघोरा पुलिस ने बताया कि कार सवार युवकों के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने, सार्वजनिक संपत्ति (बिजली का खंभा और बोर्ड) को नुकसान पहुंचाने और शराब पीकर गाड़ी चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक तौर पर यह साफ है कि हादसा केवल और केवल अत्यधिक नशे और तेज रफ्तार के कारण हुआ है। सौभाग्य से रात का समय होने के कारण सड़क पर अन्य राहगीर नहीं थे, वरना कोई बड़ी जनहानि भी हो सकती थी। पुलिस अब कार मालिक और युवकों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।