हरदीबाजार में सरपंच के खिलाफ उपसरपंच सहित सभी पंचों ने खोला मोर्चा, उपेक्षा से नाराज जनप्रतिनिधियों में आक्रोश

भूमिपूजन कार्यक्रम में नहीं बुलाने का आरोप, सरपंच पर फोन नहीं उठाने का भी लगाया आरोप

हरदीबाजार ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) विनोद उपाध्याय: ग्राम पंचायत हरदीबाजार में सरपंच के कथित उपेक्षापूर्ण रवैये को लेकर उपसरपंच सहित सभी पंच लामबंद हो गए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने से नाराज पंचायत प्रतिनिधियों ने सरपंच के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मीडिया के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। पंचों ने चेतावनी दी है कि यदि यही रवैया जारी रहा तो सरपंच के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी।

दरअसल, एसईसीएल दीपका प्रबंधन द्वारा खदान विस्तार के चलते प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन को ध्वस्त किए जाने के बाद स्वास्थ्य केंद्र का संचालन पुराने तहसील भवन में किया जा रहा है। अब इस समस्या के समाधान के लिए नेवसा रोड पर लीलागर नदी के समीप लगभग 85 लाख रुपये की लागत से नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार को एसईसीएल दीपका के महाप्रबंधक शरद तिवारी ने विधिवत भूमिपूजन किया।

भूमिपूजन में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का आरोप

कार्यक्रम में सरपंच लोकेश्वर कंवर, सहायक चिकित्सा अधिकारी युद्धेश सांडे एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि अनिल टंडन मौजूद रहे। वहीं उपसरपंच और पंचायत के पंचों की अनुपस्थिति को लेकर अब विवाद सामने आया है। उपसरपंच एवं पंचों का आरोप है कि उन्हें न तो कार्यक्रम की सूचना दी गई और न ही आमंत्रित किया गया।

पंचों के मुताबिक, कार्यक्रम की जानकारी लेने के लिए सरपंच को फोन भी किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया और न ही बाद में वापस कॉल किया। इससे निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ गई।

विकास कार्यों में साथ, फिर भी सम्मान नहीं मिलने से नाराजगी

उपसरपंच एवं पंचों का कहना है कि ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में वे हमेशा सहयोग करते आए हैं। इसके बावजूद गांव के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन के भूमिपूजन जैसे कार्यक्रम में उन्हें नजरअंदाज करना पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान की अनदेखी है।

पंचों ने सवाल उठाया कि जब पंचायत के विकास कार्यों में सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता जरूरी है, तो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में उन्हें सूचना तक क्यों नहीं दी जाती? सभी पंचों ने एकजुट होकर सरपंच के इस कथित व्यवहार का विरोध किया और भविष्य में उचित कार्रवाई की मांग उठाने की बात कही।

बैठक में ये जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

इस दौरान उपसरपंच रेखा जायसवाल सहित इंद्रभूषण सिंह, प्रियंका जायसवाल, मनमोहन खांडे, भानूप्रताप सिंह कंवर, राजेंद्र जगत, ममता ओग्रे, चंद्रकला कंवर, चंद्रकली ओड़े, नेहा सतनामी, इंद्रा मरावी, नंदनी राठौर, नयन कंवर, हिमांशु जायसवाल एवं चैन सिंह उपस्थित रहे।

अब देखना होगा कि पंचायत में उठे इस विरोध के बाद सरपंच और अन्य जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।