नक्सलवाद के खात्मे से लेकर महतारी वंदन और किसान कल्याण तक का जिक्र, ‘अंजोर विजन’ को बताया विकसित भारत की दिशा में अहम कदम
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को एक आत्मीय पत्र लिखकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। पत्र में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के साथ अपने पुराने संबंधों को याद किया और सरगुजा के वनांचलों से लेकर बस्तर की धरती तक की यात्राओं के अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और यहां के मेहनतकश लोगों की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ आने वाले समय में विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता को प्रदेश की विकास यात्रा का निर्णायक मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि कभी नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाने जाने वाले क्षेत्र अब शांति, विश्वास और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी के ऐतिहासिक निर्णय को किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 26 वर्ष पूरे होने पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य का गठन हुआ और प्रदेशवासियों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाओं को पूरा होने का अवसर मिला।
प्रधानमंत्री ने बताया कि संगठन के दिनों से ही उनका छत्तीसगढ़ से विशेष लगाव रहा है। अविभाजित मध्य प्रदेश के समय से प्रदेश आने का अवसर मिलता रहा। सरगुजा से बस्तर तक की यात्राओं में उन्होंने यहां की संस्कृति, जनजीवन और परंपराओं को करीब से जाना।
बस्तर में बदलती तस्वीर को बताया बड़ी उपलब्धि
प्रधानमंत्री ने पत्र में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता और बस्तर में आए बदलावों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और स्थानीय जनता के सहयोग को इस परिवर्तन का आधार बताया।
बस्तर ओलंपिक को बदलते बस्तर का प्रतीक बताते हुए उन्होंने नियद नेल्ला नार, आजीविका उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर जैसी पहलों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री के अनुसार, इन प्रयासों से स्थानीय नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं और विकास के नए अवसरों से जोड़ा जा रहा है।
73 लाख परिवारों को निःशुल्क अनाज, 22 लाख से अधिक आवास
जनकल्याणकारी योजनाओं के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 22 लाख से अधिक पक्के आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।
उन्होंने 41 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने, करीब 40 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन मिलने और लगभग ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की जानकारी भी साझा की।
किसानों और महिलाओं के जीवन में बदलाव का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि धान खरीदी की व्यवस्था से 25 लाख से अधिक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
महिला सशक्तिकरण के संदर्भ में महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों के बैंक खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये भेजे जा रहे हैं। उन्होंने इसे महिलाओं को आर्थिक संबल देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम
छत्तीसगढ़ में कनेक्टिविटी और आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार को प्रधानमंत्री ने विकास की बड़ी उपलब्धि बताया। पत्र में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम जारी होने तथा वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाओं का उल्लेख किया गया है।
प्रधानमंत्री ने रायपुर और बिलासपुर के बीच सड़क यात्रा का समय लगभग आधा होने की बात कही। विशाखापत्तनम और रांची-धनबाद जैसे आर्थिक केंद्रों को जोड़ने वाले निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे को भी प्रदेश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
नवा रायपुर में तकनीक और उद्योग की नई संभावनाएं
प्रधानमंत्री ने नवा रायपुर के आधुनिक शहर के रूप में उभरने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इंडिया AI मिशन और सेमीकंडक्टर मिशन के अनुरूप नई तकनीक से जुड़ी परियोजनाओं, फार्मा, टेक्सटाइल, आईटी, बिजली, एल्युमिनियम और स्टील जैसे क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं का उल्लेख किया।
युवाओं के लिए एम्स, आईआईटी, ट्रिपल आईटी, आईआईएम और निफ्ट जैसे संस्थानों को महत्वपूर्ण बताते हुए कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों पर भी जोर दिया।
‘अंजोर विजन’ से विकसित भारत की ओर छत्तीसगढ़
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को देश की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने संत गुरु घासीदास के ‘मनखे-मनखे एक समान’ संदेश, कबीरपंथ की समतामूलक विचारधारा और पद्म विभूषण तीजन बाई की पंडवानी का उल्लेख किया।
पत्र के समापन में प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार के ‘अंजोर विजन’ को विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को दिशा देने वाला बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित प्रदेश के सभी परिवारजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य पर विश्वास जताया।