छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 : नवा रायपुर में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय आयोजन, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर दिखेगी प्रदेश की संस्कृति, कला और विकास की झलक, अमित शाह होंगे समापन समारोह के मुख्य अतिथि; आसमान में दिखेगा सारंग टीम का शौर्य

Lरायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश में राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर, मेला ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। उत्सव में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पारंपरिक शिल्प, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की झलक देखने को मिलेगी।

अमित शाह होंगे समापन समारोह के मुख्य अतिथि

राज्योत्सव के शुभारंभ समारोह में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं, 3 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह राज्योत्सव के समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

सेंध लेक के आसमान में दिखेगा सारंग टीम का रोमांच

राज्योत्सव का सबसे खास आकर्षण 2 नवंबर को सुबह 11 बजे नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में होने वाला भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो रहेगा। पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए वायुसेना के पायलट आकर्षक हवाई संरचनाओं और रोमांचक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में टीम अपनी उड़ान दक्षता और अनुशासन का प्रदर्शन करेगी। टीम में महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं।

तीन दिनों तक गूंजेंगे लोकगीत और संगीत के सुर

राज्योत्सव में प्रतिदिन शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। स्थानीय कलाकारों के बाद राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

  • 1 नवंबर : पार्श्व गायिका पलक मुच्छल
  • 2 नवंबर : पार्श्व गायिका स्वस्ति मेहुल
  • 3 नवंबर : पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य

इन प्रस्तुतियों के साथ छत्तीसगढ़ के लोकगीतों और लोकनृत्यों की रंगारंग झलक भी देखने को मिलेगी।

विकास प्रदर्शनियों में दिखेगी प्रदेश की उपलब्धियां

आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और भविष्य की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ मिशन जैसे विषयों पर आधारित प्रदर्शनियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शिल्पग्राम में प्रदेश के पारंपरिक कलाकारों और कारीगरों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

सभी जिला मुख्यालयों में 2 नवंबर को होंगे आयोजन

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी 2 नवंबर को राज्योत्सव मनाया जाएगा। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास प्रदर्शनियों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं, संस्कृति और जिले की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया जाएगा याद

1 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अलग राज्य बना था। राज्योत्सव उनके योगदान को याद करने और प्रदेश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के संकल्प का अवसर भी होगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, महिला सशक्तिकरण और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का मंच बनेगा।