रायपुर, 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की हॉकी को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग अब खेलप्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रही है। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 21 अक्टूबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का जियोहॉटस्टार पर सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन अब स्टेडियम तक सीमित नहीं, बल्कि देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंच रहा है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी को प्रोत्साहित करना और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में ओलंपियन और अनुभवी खिलाड़ियों की भागीदारी से मुकाबलों का रोमांच बढ़ा है। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन सरदार सिंह लीग के ब्रांड एम्बेसडर हैं। उनकी मौजूदगी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रही है।
पहले मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स की शानदार जीत
लीग के शुरुआती मुकाबलों में ही टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। ओलंपियन सुरेन्द्र सिंह की कप्तानी वाली न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर जीत के साथ शुरुआत की। इस मैच में केतन कुशवाहा को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
महिला हॉकी को भी मिला मंच
प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदर्शनी मुकाबला भी आयोजित किया गया। इसमें इंद्रावती टाइग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया। महिला टीमों के इस मुकाबले ने लीग में नया उत्साह जोड़ा।
1 नवंबर को होगा खिताबी मुकाबला
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लीग मुकाबले 29 अक्टूबर तक खेले जाएंगे। 30 अक्टूबर को टीमों का विश्राम रहेगा, जबकि 31 अक्टूबर को दो सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को शाम 5:30 बजे फाइनल खेला जाएगा।
इस लीग के जरिए छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। लाइव प्रसारण, अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी और रोमांचक मुकाबलों ने प्रतियोगिता को खास बना दिया है। अब खेलप्रेमियों की नजरें सेमीफाइनल और खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं।