ग्राम पंचायत गुरसिया में स्थानापन्न सरपंच की नियुक्ति, श्रीमती राजकुमार उइके को सर्वसम्मति से सौंपी गई जिम्मेदारी

पोड़ी उपरोड़ा / कोरबा / सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ग्राम पंचायत गुरसिया (जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा, जिला कोरबा) में उप-विभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी पोड़ी उपरोड़ा के आदेश के परिपालन में विशेष बैठक आयोजित कर स्थानापन्न सरपंच का निर्वाचन संपन्न कराया गया। बैठक में सर्वसम्मति से श्रीमती राजकुमार उइके (पंच वार्ड क्र. 06) को ग्राम पंचायत गुरसिया का स्थानापन्न सरपंच नियुक्त किया गया है।

आदेश के परिपालन में बुलाई गई विशेष बैठक

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी उपरोड़ा के आदेश क्रमांक/2026/अभि.वाचक/1223 दिनांक 10/07/2026 के द्वारा छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 40(1) के तहत पूर्व सरपंच श्रीमती हेमलता कँवर को पद से निलंबित कर दिया गया था। इसके पश्चात् कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के पत्र क्रमांक/127/छ.ग.वि.अ./पंचा/2026 पोड़ी उपरोड़ा दिनांक 14/07/2026 एवं पंचायत के सूचना पत्र दिनांक 17/07/2026 के तहत दिनांक 22/07/2026 को ग्राम पंचायत भवन गुरसिया में स्थानापन्न सरपंच के चुनाव हेतु बैठक आहूत की गई।

एकमात्र नाम का आया प्रस्ताव, निर्विरोध निर्वाचन

​बैठक में स्थानापन्न सरपंच पद हेतु श्रीमती राजकुमार उइके के नाम का नामांकन/प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव की प्रस्तावक श्रीमती रुखमणी चौहाण एवं समर्थक श्रीमती प्रमिला अग्रवाल रहीं।

​निर्धारित प्रक्रिया के तहत अन्य कोई नामांकन प्राप्त नहीं होने तथा बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति व्यक्त किए जाने के कारण छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 39 के तहत ग्राम पंचायत गुरसिया के स्थानापन्न सरपंच पद पर श्रीमती राजकुमार उइके की नियुक्ति का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पंचों की रही मौजूदगी

​इस विशेष बैठक में ग्राम पंचायत के पंच एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें इंद्रपाल सिंह कंवर, सोनकुंवर सारथी, कांता सिंह, प्रमिला अग्रवाल, राजेश कुमार जायसवाल, कंचन बाई, त्रिभुवन सिंह पावले, नालीछो देवी पोर्ते, बसंती सोनवानी, विद्या यादव, रुखमणी चौहाण, राजेन्द्र तंवर, सुमंत कुमारा भगत, सीताली बाई, विश्राम सिंह जगत, देवशरण सिंह, नीलम टेकाम, सरिता बाई पन्ना एवं प्रमिला नगेशिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।