कोरबा: सिविल लाइन क्षेत्र स्थित कार्बन फैक्ट्री में बॉयलर ब्लास्ट, भीषण आग से मचा हड़कंप

कोरबा / सैन्ट्रल छत्तीसगढ़ । सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में अचानक बॉयलर फटने से भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त फैक्ट्री के भीतर लगभग 30 से 40 मजदूर काम कर रहे थे। बॉयलर में जोरदार धमाका होते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि काम कर रहे मजदूरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत भागकर अपनी जान बचाई।

​प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीम मौके पर

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की फायर ब्रिगेड टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। आग की भयावहता को देखते हुए कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी का बयान:

“घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। नगर सेना और दमकल वाहनों की मदद से आग पर जल्द से जल्द काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि फिलहाल अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।”

​पूरा इलाका काले धुएं से ढका, क्षेत्र सील

​धमाके और आग के कारण पूरी फैक्ट्री और आसपास का इलाका गहरे काले धुएं की आगोश में समा गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस और प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए फैक्ट्री के आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया है, ताकि आम लोगों को किसी खतरे से बचाया जा सके।