
कोरबा/सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ : कटघोरा विकासखंड के छुरी क्षेत्र के समीप स्थित जटांगपुर स्टॉप डैम इन दिनों लोगों के लिए सुविधा से ज्यादा खतरे का कारण बन गया है। लगातार पानी भराव होने के बावजूद सिंचाई विभाग द्वारा स्टॉप डैम का गेट नहीं खोला जा रहा है, जिससे डैम पूरी क्षमता तक लबालब भरा हुआ है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि डैम के किनारे और पानी के बीच छोटे-छोटे बच्चे बेखौफ होकर खेलते और नहाते नजर आ रहे हैं। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से स्टॉप डैम का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है। इसके बावजूद सिंचाई विभाग ने पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की है। डैम के आसपास सुरक्षा के नाम पर न तो पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही किसी प्रकार की निगरानी की जा रही है। परिणामस्वरूप बच्चे रोजाना पानी के बीच खेलते हुए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते डैम का गेट खोलकर जलस्तर नियंत्रित किया जाता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाती, तो इस तरह की स्थिति पैदा नहीं होती। लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही साफ तौर पर दिखाई दे रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि अधिकारी किसी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं।
बारिश के मौसम में स्टॉप डैम का जलस्तर और अधिक बढ़ने की संभावना से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। यदि अचानक पानी का बहाव तेज हुआ या कोई बच्चा गहरे पानी में चला गया तो एक पल की लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी न तो मौके का निरीक्षण कर रहे हैं और न ही कोई ठोस कदम उठाया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग से तत्काल स्टॉप डैम का गेट खोलकर जलस्तर नियंत्रित करने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा डैम के आसपास बच्चों और लोगों की आवाजाही रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग और संबंधित अधिकारियों की होगी, क्योंकि खतरे की आशंका पहले से स्पष्ट होने के बावजूद विभाग मौन बैठा है।