
कोरबा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़): जिला अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र से एक बार फिर रफ्तार का कहर सामने आया है। उरगा-हाटी मुख्य मार्ग पर ग्राम तिलकेजा के आश्रित ग्राम आमापाली के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक्टिवा सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दस्तावेज के आधार पर रायगढ़ का हो सकता है मृतक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की शिनाख्त तत्काल नहीं हो सकी है, लेकिन तलाशी के दौरान उसके पास से कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं। इन दस्तावेजों में गजानन चौहान, निवासी- पटेलपाली, जिला रायगढ़ लिखा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि मृतक रायगढ़ जिले का रहने वाला था।
सफर पर निकला था युवक: मृतक की एक्टिवा गाड़ी में भारी सामान बंधा हुआ था। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह किसी पारिवारिक या जरूरी काम से अपने गाँव या किसी अन्य गंतव्य के लिए निकला हुआ था, तभी रास्ते में वह इस काल के गाल में समा गया।
घटना के बाद लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
दिलदहला देने वाले इस हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल ‘डायल 112’ और उरगा थाना पुलिस को दी।
घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर का नंबर CG 11 AH 8945 बताया जा रहा है, जिससे एक्टिवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुँचकर संभाला।
उरगा थाना प्रभारी का बयान और जाँच शुरू
थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया: “सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। घायल युवक को 112 की मदद से तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की स्पष्ट पहचान अभी बाकी है, लेकिन पास मिले दस्तावेजों के आधार पर रायगढ़ पुलिस और संबंधित पते पर संपर्क कर पहचान सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।”
फिलहाल उरगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी फरार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।