बालोद/दुर्ग, 31 अक्टूबर 2026। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन के बाद आज उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। उनका अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम भेण्ड्रा, जिला बालोद में दोपहर 2 बजे संपन्न होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी दोपहर 1 बजे भेण्ड्रा पहुंचेंगे और दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
सुबह रायपुर पहुंचेगी पार्थिव देह
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर सुबह 8:30 बजे विमान से रायपुर एयरपोर्ट लाया जाएगा। वहां से सुबह 10:15 बजे पार्थिव देह भिलाई स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचेगी। यहां सुबह 11 बजे तक परिजनों, शुभचिंतकों और समर्थकों के लिए अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि का समय रखा गया है।
भिलाई और दुर्ग में भी होंगे अंतिम दर्शन
भिलाई-3 स्थित निवास से सुबह 11 बजे पार्थिव शरीर जवाहरनगर, दुर्ग के लिए रवाना होगा। सुबह 11:30 बजे वहां पहुंचने के बाद दोपहर 12:30 बजे तक अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे। इसके बाद पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा ले जाया जाएगा।
CM साय दोपहर 1 बजे पहुंचेंगे गृहग्राम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 1 बजे ग्राम भेण्ड्रा पहुंचकर दिवंगत विधायक को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे अंतिम संस्कार होगा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
2008 में पहली बार बने थे विधायक
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने वर्ष 2008 में पहली बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। इसके बाद वर्ष 2023 में वे दूसरी बार इसी क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। वे अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी रहे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं।
शुक्रवार को हैदराबाद में उपचार के दौरान उनके निधन की खबर आई थी। उनके निधन से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र सहित भाजपा संगठन में शोक व्याप्त है। आज उनके गृहग्राम में अंतिम संस्कार के साथ उनकी अंतिम यात्रा संपन्न होगी।
अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार का समय
- सुबह 8:30 बजे : रायपुर एयरपोर्ट आगमन
- सुबह 10:15 बजे : भिलाई स्थित शासकीय आवास
- सुबह 11:00 बजे : भिलाई-3 से प्रस्थान
- सुबह 11:30 बजे : जवाहरनगर, दुर्ग में आगमन
- दोपहर 12:30 बजे : दुर्ग से भेण्ड्रा के लिए प्रस्थान
- दोपहर 1:00 बजे : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भेण्ड्रा आगमन
- दोपहर 2:00 बजे : ग्राम भेण्ड्रा में अंतिम संस्कार