भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सहसंयोजक चुलेश्वर राठौर बने जांजगीर जिला प्रभारी

सेंट्रल छत्तीसगढ़ (विनोद उपाध्याय)हरदीबाजार/कोरबा.. भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, छत्तीसगढ़ द्वारा संगठनात्मक विस्तार एवं मजबूती के उद्देश्य से प्रदेश सहसंयोजक एवं जवाली मंडल प्रभारी चुलेश्वर राठौर को जांजगीर जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं राठौर समाज में हर्ष का वातावरण है।
ज्ञात हो कि जांजगीर जिला राठौर समाज की उल्लेखनीय जनसंख्या वाला क्षेत्र माना जाता है। संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस जिले की जिम्मेदारी पार्टी नेतृत्व ने अनुभवी एवं सक्रिय कार्यकर्ता चुलेश्वर राठौर को सौंपी है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव एवं संगठन क्षमता का लाभ किसान मोर्चा तथा भारतीय जनता पार्टी को जिले में मिलेगा।
चुलेश्वर राठौर लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वे अखिल भारतीय राठौर क्षत्रिय महासभा में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष का दायित्व सफलतापूर्वक निभा चुके हैं तथा वर्तमान में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। समाज और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका तथा व्यापक जनसंपर्क को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताया है।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया है कि चुलेश्वर राठौर के नेतृत्व में जांजगीर जिले में किसान मोर्चा का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा किसानों एवं कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी की पहुंच और प्रभाव बढ़ेगा।
उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।