korba :धान खरीदी केंद्र में हाथी ने फड़ प्रभारी को उतारा मौत के घाट..

कोरबा( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) अकिंत सिंह : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुदमुरा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना में जंगली हाथी ने धान खरीदी केंद्र के फड़ प्रभारी को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया l
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04 मार्च 2026 की दरम्यानी रात 05 मार्च को लगभग 1:35 बजे धान खरीदी केंद्र कुदमुरा के फड़ प्रभारी राजेश सिंह राजपूत (55 वर्ष), निवासी रजगामार, जिला कोरबा, पर एक जंगली नर हाथी ने हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना रात में ही हाथी मित्र दल कुदमुरा के सदस्यों ने वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वनरिक्षेत्र अधिकारी जी.एस. पैकरा, परिक्षेत्र सहायक संजय कुमार केशकर तथा परिसर रक्षक भरतलाल साहू तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके के निरीक्षण में हाथी के पैरों के निशान पाए गए। वहीं धान खरीदी केंद्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी जंगली नर हाथी द्वारा हमले की पुष्टि हुई।
वन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला पहुंचाया, जहां डॉ. विवेक प्रताप सिंह द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा मृतक की पत्नी श्रीमती पिंकी देवी को स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित 5 लाख 75 हजार रुपये की मुआवजा राशि की वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि वर्तमान में उक्त लोरन हाथी कुदमुरा परिक्षेत्र के संवेदनशील क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग द्वारा लगातार रात्रि गश्ती और मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में स्थित धान खरीदी केंद्रों से धान का उठाव प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।