Katghora Janpad Election: झूलबाई गोविन्द सिंह बनी कटघोरा जनपद अध्यक्ष.. ममता दामोदर राठौर उपाध्यक्ष.. समर्थकों में जश्न का माहौल, जमकर आतिशबाजी..

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): कटघोरा जनपद पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए सभी दावेदारों ने पीठासीन अधिकारी रोहित सिंह के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ हुई। मतदान के उपरांत, पीठासीन अधिकारी रोहित सिंह ने कटघोरा जनपद पंचायत के अध्यक्ष पद पर श्रीमती झुलबाई गोविंद सिंह कंवर के नाम की घोषणा की। उन्होंने 11 मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया।

उत्साह और जश्न का माहौल

अध्यक्ष बनने के बाद झुलबाई गोविंद सिंह कंवर ने सभी जनपद सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उनके समर्थकों में हर्ष का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। सभी ने नवनियुक्त जनपद अध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

गौरतलब है कि झुलबाई कंवर भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी रही हैं। वे पूर्व जनपद पंचायत कटघोरा के उपाध्यक्ष गोविंद सिंह कंवर की पत्नी हैं, जिनका क्षेत्र में प्रभावशाली जनाधार माना जाता है।

ममता दामोदर राठौर बनीं उपाध्यक्ष

जनपद पंचायत कटघोरा के उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में श्रीमती ममता दामोदर राठौर ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। पीठासीन अधिकारी रोहित सिंह ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर उनकी आधिकारिक घोषणा की। इस मौके पर उनके समर्थकों ने भी पटाखे फोड़कर जश्न मनाया और मिठाई खिलाकर विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी।

विकास को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता

मीडिया से बातचीत के दौरान जनपद अध्यक्ष झुलबाई गोविंद सिंह कंवर और उपाध्यक्ष ममता दामोदर राठौर ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीण जनता तक शासन की सभी योजनाएं पहुंचाई जाएंगी और सभी विकास कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहेगी।