हरदीबाजार सहित पांच गांवों में जमीन की रजिस्ट्री शुरू कराने कलेक्टर से मांग

 

एसईसीएल दीपका परियोजना के अधिग्रहण से छूटी 212 एकड़ भूमि का मामला, किसानों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी

Oplus_16908288

सेंट्रल छत्तीसगढ़ (विनोद उपाध्याय)हरदीबाजार..तहसील हरदीबाजार अंतर्गत ग्राम हरदीबाजार सहित आसपास के गांवों में भूमि के क्रय-विक्रय पंजीयन (रजिस्ट्री) पर लगी रोक हटाने की मांग उठने लगी है। इस संबंध में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रभारी प्रशिक्षण एवं कटघोरा विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन ने जिला कलेक्टर कोरबा को आवेदन सौंपकर भूमि की रजिस्ट्री पुनः प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की है।

कलेक्टर को दिए गए आवेदन में नरेश टंडन ने उल्लेख किया है कि ग्राम हरदीबाजार की भूमि का एसईसीएल दीपका परियोजना द्वारा तीन चरणों में अधिग्रहण किया जा चुका है, जबकि चौथे चरण की लगभग 212 एकड़ भूमि अब तक अधिग्रहण से वंचित है। इसके बावजूद उक्त भूमि सहित हरदीबाजार और आसपास के ग्राम रेंकी, नेवसा, बम्हनीनकोना एवं उतरदा में भूमि के क्रय-विक्रय पंजीयन पर रोक लगाए जाने से ग्रामीणों और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री बंद होने के कारण ग्रामीण अपनी जमीन की खरीदी-बिक्री नहीं कर पा रहे हैं। वहीं पारिवारिक एवं घरेलू आवश्यकताओं के लिए भूमि का उपयोग, मकान निर्माण, नामांतरण, प्रमाणीकरण और भूमि संबंधी त्रुटियों में सुधार जैसे कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इससे कई परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं तथा अपनी जरूरत के अनुसार जमीन का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।

नरेश टंडन ने प्रशासन से मांग की है कि एसईसीएल दीपका परियोजना के चौथे चरण के अधिग्रहण से वंचित लगभग 212 एकड़ भूमि की स्थिति स्पष्ट करते हुए हरदीबाजार सहित आसपास के प्रभावित गांवों में भूमि के क्रय-विक्रय पंजीयन पर लगी रोक हटाई जाए और रजिस्ट्री प्रक्रिया पुनः प्रारंभ करने के लिए आदेश जारी किया जाए, ताकि किसानों एवं ग्रामीणों को राहत मिल सके।

नरेश टंडन ने बताया कि कलेक्टर ने आश्वासन दिया है 10 से 15 दिनों के भीतर रजिस्ट्री खोल दिया जाएगा ।।