हाई स्कूल मैदान और स्टेडियम की बदलेगी तस्वीर: नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में कल चलेगा ‘स्वच्छता महाअभियान’, खेल प्रेमियों से जुड़ने की अपील

कटघोरा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़)। नगर के खेल मैदानों को स्वच्छ और खेलने योग्य बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा कल एक विशेष ‘स्वच्छता महाअभियान’ चलाया जाएगा। इस संबंध में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राज जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार हुई बरसात के कारण हाई स्कूल खेल मैदान और स्टेडियम परिसर में बड़ी मात्रा में कचरा और गंदगी जमा हो गई है।

​इस गंदगी को पूरी तरह से साफ करने के लिए कल नगर पालिका के कर्मचारियों और स्वच्छता मित्रों के साथ-साथ स्थानीय ‘खेल मित्र’ भी मैदान में उतरेंगे।

​खेल प्रेमियों से की सहभागिता की अपील

नगर पालिका अध्यक्ष ने नगर के सभी खेल प्रेमियों और युवाओं से इस महाअभियान में शामिल होने की विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान हमारी साझा धरोहर हैं और इन्हें स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने खेल प्रेमियों से आह्वान किया है कि वे कल सुबह 7:00 अभियान से जुड़कर अपने आसपास और हाई स्कूल मैदान की सफाई में श्रमदान करें, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और खेल के लिए एक स्वच्छ व बेहतर वातावरण मिल सके।