रायपुर। छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए दिवाली से पहले खुशखबरी है। योजना की नवंबर माह की 33वीं किस्त 3 नवंबर को जारी की जाएगी। राजयोत्सव के मुख्य समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पात्र महिलाओं के बैंक खातों में राशि अंतरित करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहेंगे। सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस बार कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये सीधे DBT के माध्यम से भेजे जाएंगे।
67.40 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
इस किस्त में ई-केवाईसी पूरी कर चुकी 67 लाख 33 हजार 502 महिलाओं को नियमित सहायता मिलेगी। वहीं नियद नेल्ला नार शिविर क्षेत्रों की 6,908 महिलाओं को योजना की 13वीं किस्त दी जाएगी। इस तरह कुल लाभार्थियों की संख्या 67 लाख 40 हजार 410 होगी।
अब तक 20 हजार करोड़ से अधिक की सहायता
महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को छत्तीसगढ़ में की गई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की थी। अब तक 32 किस्तों के जरिए महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
3 नवंबर को 33वीं किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगा। सरकार के अनुसार, इस आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं।
ऐसे चेक कर सकती हैं भुगतान की स्थिति
हितग्राही महिलाएं महतारी वंदन योजना के आधिकारिक पोर्टल mahtarivandan.cgstate.gov.in और मोबाइल एप के माध्यम से अपनी किस्त तथा भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।
दिवाली से ठीक पहले जारी होने वाली यह राशि लाखों परिवारों के लिए राहत और त्योहार की तैयारियों में मददगार साबित हो सकती है।