जगदलपुर। वर्ष 2047 में जब भारत अपनी आजादी की शताब्दी मनाएगा, तब देश की तरक्की और विकास की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी। युवाओं को इसी भविष्य के लिए अभी से तैयार होना होगा। यह संदेश केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने जगदलपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में दिया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कुम्हरावण्ड स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय के सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत की। उन्होंने लोकतंत्र, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर युवाओं के विचार सुने और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
एक लाख युवा नेतृत्वकर्ता तैयार करने का लक्ष्य
डॉ. मांडविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म को युवाओं के लिए नए अवसरों का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को नवाचार, मार्गदर्शन, स्वयंसेवा और करियर से जुड़े अवसर मिल रहे हैं। देशभर में एक लाख युवा नेतृत्वकर्ता तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, जो भविष्य में नीति निर्माण और जनसेवा में योगदान देंगे।
उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री के पंच प्रण को जीवन में अपनाने की अपील की। इनमें विकसित भारत का संकल्प, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकता और एकजुटता तथा नागरिक कर्तव्यों का पालन शामिल है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिक्षा, प्रशासन, उद्यमिता या किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले युवाओं के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए।
मतदाता सूची पर छात्र से सीधा संवाद
कार्यक्रम में छात्र प्रांजल के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तथा निष्पक्ष मतदान को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में युवा संवाद कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी बढ़ सके।
चित्रकोट की तारीफ, बस्तर में पर्यटन की संभावनाएं
डॉ. मांडविया ने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभिन्न महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।