विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा की अंतिम यात्रा में भावुक हुए CM साय, अर्थी को कंधा देकर निभाया अपना आत्मीय रिश्ता

भेंड्रा (बालोद)। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को अंतिम विदाई देने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भावुक रूप देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने उनके गृहग्राम भेंड्रा पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए और दिवंगत विधायक की अर्थी को कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री साय का यह आत्मीय भाव वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक कर देने वाला क्षण बन गया। अंतिम यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने विधायक को विदाई दी।

सरल व्यक्तित्व और जनसेवा को किया याद

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन पूरे क्षेत्र की जनता के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से उनके लिए भी अत्यंत पीड़ादायक है।

मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

दो बार अहिवारा से चुने गए विधायक

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। वे वर्ष 2008 में पहली बार अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वर्ष 2023 में उन्होंने इसी सीट से दूसरी बार जीत हासिल की। वे अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी रहे।

हैदराबाद में उपचार के दौरान उनके निधन की खबर से छत्तीसगढ़ की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई थी। गृहग्राम भेंड्रा में अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। मुख्यमंत्री साय द्वारा अर्थी को कंधा देना दिवंगत विधायक के प्रति उनके सम्मान और आत्मीय संबंधों का भावुक दृश्य बन गया।