
पोड़ी उपरोड़ा /सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ : ग्राम पंचायत लखनपुर सड़क की जर्जर हालत, मरम्मत कार्य और धूल नियंत्रण को लेकर 7 अक्टूबर को होने वाले प्रस्तावित चक्काजाम को प्रशासन की पहल के बाद सर्वसम्मति से टाल दिया गया है। 6 अक्टूबर को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी उपरोड़ा की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों की मांगों पर त्वरित पहल करते हुए सहमति बनाई गई।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
- गड्ढों का समतलीकरण: अनुविभागीय अधिकारी (लोक निर्माण विभाग) कटघोरा द्वारा बैठक में अवगत कराया गया कि सड़क के गड्ढों को भरने और समतलीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया है।
- धूल नियंत्रण हेतु पानी का छिड़काव: सड़क से उड़ने वाली धूल से राहत दिलाने के लिए PWD एवं SECL के अधिकारियों को नियमित रूप से पानी छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए।
- चक्काजाम स्थगित: प्रशासन की सकारात्मक पहल और आश्वासन के बाद जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से 7 अक्टूबर को प्रस्तावित चक्काजाम आंदोलन नहीं करने का निर्णय लिया।
इनकी रही उपस्थिति
बैठक में नायब तहसीलदार पोड़ी उपरोड़ा, जनपद पंचायत सीईओ खगेश निर्मलकर, पीडब्ल्यूडी एसडीओ प्रदीप कुमार मरकाम, उप-अभियंता नवीन श्रीवास, ग्राम पंचायत लखनपुर की सरपंच प्रभा, उपसरपंच शिखी कुमार यादव, पंच रघुनंदन जायसवाल, पूर्व सरपंच जगदीश प्रसाद, जनपद प्रतिनिधि दुर्गेश डिक्सेना सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।