
कोरबा( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ )। जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वर्गीय राजस्व निरीक्षक रविन्द्र कुमार जायसवाल के ज्येष्ठ पुत्र राहुल कुमार जायसवाल को पटवारी (प्रशिक्षु) पद पर अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपा। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं और शासकीय दायित्वों का निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
तहसील कार्यालय दर्री में पदस्थ राजस्व निरीक्षक रविन्द्र कुमार जायसवाल का 30 मई 2026 को सेवाकाल के दौरान आकस्मिक निधन हो गया था। परिवार के मुखिया के असमय चले जाने के बाद आश्रित परिजनों को संबल देने के लिए शासन के दिशा-निर्देशों के तहत प्रकरण तैयार किया गया। विभागीय छानबीन और चयन समिति की विधिवत अनुशंसा के पश्चात राहुल जायसवाल को इस पद के लिए पात्र पाया गया।
जारी आदेश के अनुसार, राहुल कुमार जायसवाल को निर्धारित नियमों के तहत पहले पटवारी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करना होगा। इसके बाद उन्हें नियमित पटवारी पद पर पदस्थापना दी जाएगी। अनुकंपा नियुक्ति मिलने से शोकाकुल परिवार को तात्कालिक आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा मिली है।