
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : कटघोरा के शिकारीपारा, वार्ड क्रमांक 07 (झंडा चौक) क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों और बाहरी व्यक्तियों के लगातार आवागमन से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। बस्ती के निवासियों ने इस संबंध में थाना प्रभारी को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, वार्ड नंबर 07 स्थित झंडा चौक में सोनिया यादव नामक महिला निवास करती हैं, जिनका हर 4–8 दिनों में यहां आना-जाना लगा रहता है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि महिला के साथ 2-3 युवतियां भी रहती हैं तथा देर रात अज्ञात व असामाजिक तत्वों का यहां निरंतर आना-जाना बना रहता है।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि महिला के साथ रहने वाला व्यक्ति, जिसे वह अपना देवर बताती है, गुंडा प्रवृत्ति का है और मोहल्ले में गाली-गलौज करता है। पूछताछ करने पर वह स्वयं को रिश्तेदार बताते हैं तथा विरोध करने पर अभद्र भाषा व धमकियों का प्रयोग करते हैं। शिकायत में कथित व्यक्ति का नाम अनिल धनवार बताया गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बस्ती में इस तरह के संदिग्ध माहौल और असामाजिक तत्वों के खुलेआम जमावड़े से बच्चों एवं पारिवारिक माहौल पर अत्यंत बुरा असर पड़ रहा है। रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच करने तथा बस्ती में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु शीघ्र हस्तक्षेप करने की मांग की है।