गणेश उत्सव को लेकर हरदीबाजार थाने में शांति समिति की बैठक संपन्न, डीजे बजाने पर प्रतिबंध और अनुमति लेने के निर्देश

हरदीबाजार (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़): आगामी गणेश उत्सव के पावन पर्व को शांति, सौहार्द और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस थाना हरदीबाजार परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने की। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

​बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने कहा कि गणेश उत्सव आस्था और उल्लास का पर्व है, इसे सभी नागरिक शांति एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, गम्मत या अन्य आयोजन कराए जाते हैं, तो उसकी पूर्व सूचना व विधिवत आवेदन थाना हरदीबाजार में अनिवार्य रूप से जमा करें, ताकि पुलिस प्रशासन को आयोजनों की पूरी जानकारी रहे और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा सके। इसके अलावा, उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध की बात कही और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक विसर्जन संपन्न कराने की अपील की।

पुलिस बल एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से उपनिरीक्षक नकुल झरिया, एएसआई कृष्ण पाल कंवर, ममता दुबे, हेमंत कंवर, जयप्रकाश यादव, गौतम पटेल, गौकरण श्याम मौजूद रहे। वहीं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व मीडिया जगत से पत्रकार बाबू राम राठौर, जगदीश अग्रवाल, राजाराम राठौर, विनोद उपाध्याय, निलेंद्र राठौर, रवि राठौर सहित कोटवार लखनलाल, ग्राम पंचायत गुमिया के सरपंच गौतम बीयार, विभिन्न समितियों के सदस्य व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।