कटघोरा और पसान क्षेत्र में चार अलग-अलग घटनाओं में 4 लोगों की मौत, इलाके में फैली सनसनी

कटघोरा/पसान:कटघोरा और पसान थाना क्षेत्र में बीते 24 घंटों के भीतर चार अलग-अलग हादसों और घटनाओं में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तीन और पसान थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की जान गई है। इन घटनाओं से संबंधित गांवों में शोक और सनसनी का माहौल है।

1. पसान: खेत में पेड़ से लटकता मिला ग्रामीण का शव

​पसान थाना अंतर्गत चौकी कोरबी क्षेत्र के ग्राम दुरलापुर स्थित कासीमुड़ा में एक व्यक्ति द्वारा खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बेचू लाल (45 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बेचू लाल ने अज्ञात कारणों के चलते खेत में जाकर एक पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की वजह फिलहाल अज्ञात है, पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है।

2. जटगा: तालाब में डूबने से 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

​कटघोरा के जटगा चौकी अंतर्गत ग्राम बरबसपुर में शौच के लिए गए एक बुजुर्ग की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कार्तिक राम यादव (80 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग कल सुबह तालाब किनारे गए थे, जहां पैर फिसलने के कारण वे गहरे पानी में समा गए। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद आज सुबह उनका शव पानी की सतह पर तैरता हुआ मिला।

3. कटोरी नगरी: बीमारी से तंग आकर युवक ने लगाई फांसी

​जटगा चौकी क्षेत्र के ही ग्राम कटोरी नगरी (कुशकट्टापारा) में एक युवक ने घर के आंगन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम राम सिंह श्याम (37 वर्ष) बताया गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक लंबे समय से बीमारी से जूझ रहा था, जिससे परेशान होकर उसने घर के पिछले हिस्से में स्थित आंगन में फांसी का फंदा लगा लिया।

4. आंछीदादर: सुनसान कमरे में मिला 24 वर्षीय युवक का शव

  1. ​कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम आंछीदादर में गुरुवार को एक सुनसान कमरे के भीतर 24 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अभिनय रजक (24 वर्ष), पिता शंकर रजक के रूप में की गई है। ग्रामीणों ने जब सुनसान कमरे में शव देखा, तो तत्काल इसकी सूचना कटघोरा पुलिस को दी।