कटघोरा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़):नगर पालिका परिषद कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्गों पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वार्ड क्रमांक 03 (अंबेडकर नगर) के पार्षद किशोर दिवाकर ने कोरबा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर तत्काल एक लेयर रंबल स्ट्रिप (गति अवरोधक) लगाने की मांग की है।
पार्षद किशोर दिवाकर ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत साबिर मेडिकल (कटघोरा–बिलासपुर मार्ग), रोहणी ऑटो पार्ट्स के सामने और गोपाल पेट्रोल पंप के पास आए दिन सड़क दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। इन स्थानों पर वाहनों की तेज रफ्तार और भीड़भाड़ के कारण आम नागरिकों और राहगीरों की जान को हमेशा खतरा बना रहता है।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि भविष्य में होने वाली किसी बड़ी और अप्रिय दुर्घटना को रोकने तथा क्षेत्र में आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए चिन्हित दुर्घटनाजन्य स्थलों पर शीघ्र ‘रंबल स्ट्रिप’ की एक लेयर बिछाई जाए। पार्षद ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है।
