रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का रोमांच : घुड़सवारों के करतब, महिला बैंड की धुन और श्वानों ने दिखाया हुनर

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में इस बार देशभक्ति और अनुशासन के साथ साहस, संगीत और तकनीकी प्रशिक्षण की झलक भी देखने को मिली। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान घुड़सवार दल के शानदार हॉर्स शो, प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड की आकर्षक प्रस्तुति और छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड के रोमांचक प्रदर्शन ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

घोड़ों के साथ जवानों ने दिखाया शानदार तालमेल

तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने हॉर्स शो के दौरान फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी, शो जंपिंग और गैलप राउंड जैसी प्रस्तुतियां दीं। घोड़ों की रफ्तार और जवानों के बेहतरीन नियंत्रण ने दर्शकों को प्रभावित किया।

आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट प्रस्तुत किया। टेंट पैगिंग में रुद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने हिस्सा लिया। वहीं युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपनी क्षमता दिखाई। प्रदर्शन के बाद पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा।

महिला बैगपाइपर बैंड की धुनों ने बांधा समां

समारोह में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने भी शानदार प्रस्तुति दी। आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यीय बैंड ने क्विक मार्च और स्लो मार्च की विभिन्न धुनें प्रस्तुत कीं।

क्विक मार्च में इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनें बजाई गईं। स्लो मार्च में नवरंगी और तर्शपे रील के साथ ड्रम कॉल की प्रस्तुति हुई। सेरेमोनियल मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों के शानदार तालमेल ने दर्शकों को आकर्षित किया।

पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय स्तर पर भी जीते पुरस्कार

इस महिला बैगपाइपर बैंड को वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित ITBP के BTC मानु में छह महीने का प्रशिक्षण मिला था। वर्ष 2024 में दीमापुर, नागालैंड में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया था।

इसके बाद हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दल को गोल्ड मेडल मिला। इसी प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर को बेस्ट कंडक्टर और प्लाटून में ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब भी मिला था।

डॉग स्क्वाड ने दिखाया प्रशिक्षण और अनुशासन

समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने भी अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में प्रशिक्षित श्वानों ने सात अलग-अलग विधाओं में हैंडलर्स के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी क्षमता दिखाई।

पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद श्वानों ने कमल के फूल की आकृति बनाकर दर्शकों का ध्यान खींचा। गोल रिंग में सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों का भी प्रदर्शन किया गया।

जलती आग के घेरे से श्वानों ने लगाई छलांग

डॉग स्क्वाड के प्रदर्शन का सबसे रोमांचक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब दुलार, मेरी और शिवा ने जलती आग के बीच बने गोल घेरे से छलांग लगाई। इस साहसिक प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और मैदान तालियों से गूंज उठा।

विस्फोटक और नारकोटिक सामग्री खोजने का प्रदर्शन

डॉग स्क्वाड ने पुलिसिंग में प्रशिक्षित श्वानों की उपयोगिता भी प्रदर्शित की। श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्री को सूंघकर खोजने की क्षमता दिखाई।

इसके अलावा कई गंधों के मिश्रण में निर्धारित गंध की पहचान करने और रूमाल सूंघकर संबंधित व्यक्ति की पहचान करने का प्रदर्शन भी किया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिखा अलग अंदाज

पुलिस परेड ग्राउंड में हुई इन प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को और जीवंत बना दिया। घुड़सवार दल ने साहस और नियंत्रण, महिला बैगपाइपर बैंड ने संगीत और अनुशासन तथा डॉग स्क्वाड ने प्रशिक्षण एवं कार्यकुशलता का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।