भाजयुमो के जिलाध्यक्ष पद की चर्चाएं जोरों पर, किसके सर सजेगा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष का ताज?

धमतरी (सेंट्रल छत्तीसगढ़)नेमी सिन्हा:- भारतीय जनता युवा मोर्चा जो कि भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ मानी जाती है। और अब मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद का ताज किस युवा तरुणाई के सर सजेगा इसकी चर्चाएं शुरू हो चुकी है। वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद पर धमतरी के राजीव सिन्हा काबिज है और अब उनके स्थान पर किस युवा तरुणाई को जिले की कमान सौंपी जाएगी इसकी चर्चा कुरुद नगर के राजीनीतिक गलियारों में होने लगी है, खासकर युवाओं के बीच चौक-चौराहों में इसकी चर्चा जोरों पर हैं।

संगठन में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारीयां तय होने के बाद । अब सबकी निगाहें जिला स्तरीय पदाधिकारी गठन करने पर टिकी हुई हैं। बता दें कि जिले के बहुत से युवा अमित साहू के प्रदेश अध्यक्ष बनते ही बधाई देने पहुंचें थे और संगठन को इशारा किया था कि वह दावेदारों की दौड़ में शामिल हैं। इसी तारतम्य में धमतरी जिला के युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारों की फेहरिस्त काफी लंबी हो चली हैं। सभी युवा अपने से बड़े नेताओं से संपर्क कर जिलाध्यक्ष पद की दावेदारी कर रहे हैं लेकिन राजनीतिक चश्में से देखने पर पता चलता है कि जिले से युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद के लिए तीन नामों का पैनल है। इसी पैनल के आधार पर ही जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की जा सकती है। इधर भाजयुमो के जिलाध्यक्ष पद के चार दावेदारों के बीच जोर-आजमाइश जारी है।

युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में वर्तमान जिला कार्यकारिणी सदस्य भूपेन्द्र सिन्हा के अलावा मगरलोड ब्लॉक के ग्राम लुगे निवासी चेतन साहू, जय हिंदुजा एवं युवा मोर्चा में सक्रिय कार्यकर्ता अभिषेक शर्मा का नाम सबसे ऊपर है। बताया जाता है कि जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष के लिए नामों की अनुशंसा कर जिला भाजपा अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों को भेजेंगे।

इन दावेदारों में सबसे सशक्त दावेदारी भूपेन्द्र सिन्हा की मानी जा रही है। युवा मोर्चा के कार्यकारिणी में समर्पण भाव से कार्य करने वाले कुरुद निवासी भूपेन्द्र सिन्हा
जिला कार्यकारिणी में होने के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता भी रहे हैं और नगर तथा क्षेत्र के युवाओ में अच्छी पकड़ भी हैं। साथ ही वे बहुत पहले से ही संगठन में कई पदों पर रहते हुए कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे युवा मोर्चा जिला कार्यकारिणी समिति के सदस्य और मेघा मंडल प्रभारी हैं।

वहीं दूसरे दावेदार चेतन साहू की जिले में अपनी अलग पहचान है।मगरलोड क्षेत्र के ग्राम लुगे निवासी चेतन साहू हिंदुत्व विचारधारा के कट्टर समर्थक हैं। वह बजरंग दल के जिला संयोजक होने के साथ साथ भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते है। कृषि कार्य से जुड़े रहने के कारण किसानों की समस्याएं प्रमुखता से उठाते रहते हैं।

तीसरे दावेदार के रूप में अभिषेक शर्मा का नाम सामने आ रहा है। बताया जाता है कि अभिषेक शर्मा युवा मोर्चा में सक्रिय कार्यकर्ता हैं। वहीं जय हिंदुजा भी इस दौड़ में शामिल होते दिखाई दे रहे हैं, जय हिंदूजा शहर में उभरता हुआ नया चेहरा हैं और वह भाजयुमो सहित पार्टी के सभी गतिविधियों में पूर्ण रूप से भागीदारी निभाते हैं।

इन सबके अलावा कीर्तन मिनपाल, विजय मोटवानी,सत्यप्रकाश सिन्हा,राजेन्द्र साहू पिंकू, अनुराग चंद्राकर का नाम शामिल हैं। इतना तो तय है कि आपसी सामंजस्य बैठाकर ही भाजपा संगठन किसी निर्णय में पहुंचेगी। कुछ लोग दबी जुबान यह भी कह रहे हैं कि दिग्गज नेता के पसंदीदा युवा को मौका मिल सकता है।धमतरी जिले की बहुतायत को देखते हुए जिलाध्यक्ष का पद सामान्य या पिछड़ा वर्ग को ही मिलता आया है। अब यह देखना रोचक होगा है कि युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष का ताज किसके सर सजेगा और संगठन का यह महत्वपूर्ण दायित्व किसको मिलेगा ?