
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) :पुरानी बस्ती कटघोरा स्थित जायसवाल भवन में भगवान सहस्त्रबाहु जयंती का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने सामाजिक सरोकार और जनभावनाओं के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने जायसवाल समाज की मांग पर वार्ड क्रमांक 3 में स्थित ऐतिहासिक देव स्थल ‘ठाकुर दईया’ के जीर्णोद्धार के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
विधायक की इस त्वरित घोषणा से न केवल जायसवाल समाज बल्कि नगर के सभी वर्गों में खुशी की लहर दौड़ गई है। समाज के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नागरिकों ने विधायक प्रेमचंद पटेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जमीनी समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान दे रहे हैं, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।
300 वर्ष पुराना है देव स्थल का इतिहास
समारोह के दौरान समाज के प्रबुद्ध जनों ने देव स्थल के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज से लगभग 300 वर्ष पूर्व जायसवाल समाज का देव स्थल ‘ठाकुर दहिया सुरबहार’ वार्ड क्रमांक 8 में स्थित था। उस दौर में यह इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ था। शादी-विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यों में इस देव स्थल पर पूजा-अर्चना की अनिवार्य परंपरा रही है, लेकिन शाम ढलने के बाद जंगली जानवरों के भय और पुरानी बस्ती से अधिक दूरी होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाई होती थी। समय की आवश्यकता और जनसुविधा को देखते हुए समाज द्वारा इस देव स्थल की स्थापना वार्ड क्रमांक 3 में की गई।
सभी समाजों की आस्था का केंद्र, जीर्णोद्धार की थी सख्त जरूरत
वर्तमान में वार्ड क्रमांक 3 स्थित यह ‘ठाकुर दईया’ देव स्थल केवल जायसवाल समाज ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के सभी समाजों के लोगों के लिए शादी-विवाह और शुभ कार्यों में पूजा-पाठ का प्रमुख केंद्र बन चुका है। हालांकि, लंबे समय से इस पवित्र स्थल की बाउंड्री वॉल और मुख्य गेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे, जिससे इसके जीर्णोद्धार और सुरक्षा की अत्यंत आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
विधायक की कार्यशैली की सराहना
मंच से समाज की मांग रखते ही विधायक प्रेमचंद पटेल ने बिना किसी विलंब के जीर्णोद्धार के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा कर दी। विधायक के इस निर्णय को लेकर समाज के लोगों ने उनका आत्मीय धन्यवाद ज्ञापित किया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विधायक प्रेमचंद पटेल क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान को लेकर निरंतर सक्रिय हैं और हर वर्ग की अपेक्षाओं पर खरे उतर रहे हैं। कार्यक्रम में जायसवाल समाज के पदाधिकारी, महिला मंडल, युवा वर्ग और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।