प्रशासन ने संभाली जिम्मेदारी, मार्कफेड और सहकारिता विभाग के अमले को लगाया गया; 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को मिलेगी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच धान खरीदी का काम लगातार जारी है। सरकार की ओर से किए गए वैकल्पिक इंतजामों के चलते प्रदेश के उपार्जन केंद्रों में खरीदी व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई है। शुरुआती दो दिनों में ही किसानों से 7 लाख 62 हजार क्विंटल से अधिक धान खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासनिक अमले की तैनाती और उपार्जन केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं के जरिए सरकार ने खरीदी प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने का दावा किया है।
दूसरे विभागों के कर्मचारियों को मिली जिम्मेदारी
पटवारियों के हड़ताल पर जाने के बाद धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए राज्य सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था लागू की है। मार्कफेड, सहकारिता विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपार्जन व्यवस्था से जोड़ा गया है। जिला प्रशासन भी अपने स्तर पर दूसरे विभागों के अमले की सेवाएं लेकर खरीदी केंद्रों का संचालन कर रहा है।
सरकार का कहना है कि धान खरीदी प्रदेश के किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। इसलिए किसी भी परिस्थिति में खरीदी प्रक्रिया को बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा पर जोर
प्रदेश के धान उपार्जन केंद्रों में टोकन जारी करने, धान की तौल, बारदाने की उपलब्धता, नमी मापक यंत्र, पेयजल और किसानों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा खरीदी केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कम धान बेचने पर भी पूरी मिलेगी आदान सहायता
किसानों के लिए सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत राहत का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। एग्रीस्टैक पोर्टल में विधिवत पंजीकृत पात्र धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की निर्धारित आदान सहायता का पूरा लाभ मिलेगा। यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम खरीदी सीमा 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसकी आदान सहायता राशि में कटौती नहीं की जाएगी।
इस फैसले से उन किसानों को राहत मिलेगी, जिनकी फसल का उत्पादन कम हुआ है या जो किसी कारणवश निर्धारित अधिकतम सीमा तक धान नहीं बेच पा रहे हैं।
किसान ने कहा – सहायता राशि से खरीदेंगे ट्रैक्टर
रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के ग्राम गोर्रा निवासी किसान भोज कुमार पटेल ने सरकार के इस निर्णय पर खुशी जताई है। 25 एकड़ में धान की खेती करने वाले भोज कुमार के अनुसार, यदि कोई किसान प्रति एकड़ 15 या 16 क्विंटल ही धान बेच पाता है, तब भी पूरी आदान सहायता मिलना उसके लिए बड़ी आर्थिक मदद है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए बताया कि इस बार मिलने वाली सहायता राशि से वह ट्रैक्टर खरीदने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने गोर्रा धान उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता
राज्य सरकार का स्पष्ट कहना है कि पटवारियों की हड़ताल के बावजूद किसानों के हित प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे। धान खरीदी की शुरुआती दो दिनों के आंकड़े प्रशासनिक व्यवस्था के लिए उत्साहजनक बताए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में उपार्जन केंद्रों में किसानों की संख्या और खरीदी की मात्रा बढ़ने की संभावना है। सरकार का लक्ष्य पूरे खरीफ विपणन सीजन में धान खरीदी को बिना किसी व्यवधान के पूरा कराना है।